जामताड़ा : बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे सार्वजनिक अत्याचार के विरोध में बुधवार को सर्व सनातन समाज के बैनर तले आरएसएस, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, भाजपा, वनवासी कल्याण केंद्र सहित विभिन्न हिंदू संगठन के लोगों ने सामूहिक रूप से शहर में प्रदर्शन किया और अनुमंडल कार्यालय के सामने धरना दिया। बांग्लादेश में समुदाय विशेष पर हो रहे अत्याचार के विरोध में नारेबाजी की। सर्वप्रथम अनुमंडल कार्यालय के समीप से रैली निकालकर सभी सुभाष चौक, कुंवर सिंह चौक, मुख्य बाजार होते हुए चंचला मंदिर चौक पहुंचे। उसके बाद सभी स्टेशन रोड होते हुए अनुमंडल कार्यालय के समक्ष पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान सभी हाथ में भगवा झंडा तथा विभिन्न स्लोगन लिखे तख्ती लेकर चल रहे थे। बांग्लादेश मुर्दाबाद सहित कई अन्य प्रकार के नारेबाजी कर रहे थे। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रपति के नाम उपायुक्त को एक मांग पत्र सौंपा गया। इस संबंध में जानकारी देते हुए राजा राम मंडल ने कहा कि जिस प्रकार से बांग्लादेश में एक समुदाय विशेष के लोगों द्वारा महिला, बहन बेटियों के साथ अत्याचार किया जा रहा है, लोगों के साथ मारपीट की जा रही है, हत्या की जा रही है, इसकी जितनी भी निंदा की जाए कम है। इसलिए हम लोग प्रदर्शन कर रहे हैं और सरकार से मांग कर रहे हैं कि इस पर पहल करते हुए अत्याचार पर रोक लगाने की दिशा में कार्य करें। विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष अनूप राय ने कहा कि जिस प्रकार से बांग्लादेश में हिंदू, सिख बौद्ध समाज परअत्याचार हो रहा है उससे पूरे देश के लोग मर्माहत हैं और विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। कहा कि इस दिशा में राष्ट्रपति प्रधानमंत्री को पहल करनी चाहिए और बांग्लादेश में हो रहे अत्याचार पर रोक लगाने का प्रयास करना चाहिए। इस दौरान विभिन्न वक्ताओं ने अपने-अपने विचार व्यक्तकिया। मौके पर राजा राम मंडल, वासुदेव यादव, अनिमेष मधुकर, सोनू सिंह,प्रदीप कुमार, सुजाता सिंह सहित काफी संख्या में हिंदू संगठन के लोग मौजूद थे।



