जामताड़ा : शहर के प्रतिष्ठित सेंट एंथोनी विद्यालय परिसर में बुधवार को रामकृष्ण मिशन की 125वीं वर्षगांठ के शुभ अवसर पर श्री रामकृष्ण- विवेकानंद वेदांत पुस्तक प्रदर्शनी सह बिक्री का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी के माध्यम से रामकृष्ण-विवेकानंद वेदांत साहित्य, उपनिषद, गीता आदि जैसे धर्मग्रंथों और आध्यात्मिक जीवन, धर्म, योग, ध्यान, एकाग्रता, इच्छा-शक्ति, मन पर नियंत्रण, तनाव मुक्ति, मूल्य शिक्षा, व्यक्तित्व विकास से संबंधित पुस्तकों का विक्रय किया गया । मौके पर विद्यालय प्रबंधन ने श्री रामकृष्ण- विवेकानंद वेदांत पुस्तक प्रदर्शनी सह बिक्री समारोह के सभी आयोजन-कर्ता को शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद ने ‘मनुष्य निर्माण’ पर बहुत जोर दिया, जिसका तात्पर्य था कि पुरुष और महिला दोनों को शक्ति, निडरता, खुद पर विश्वास जैसे गुणों से संपन्न होना चाहिए और उनका नैतिक चरित्र मजबूत होना चाहिए, जिससे वे मनुष्य कहलाने के योग्य बन सकें। उनके द्वारा लिखे गए साहित्य से मानव जाति को एक दृढ़ नैतिक और आध्यात्मिक आधार प्रदान करता है।स्वामी विवेकानंद हमें शैक्षणिक दक्षता के साथ-साथ रचनात्मक तथा उद्देश्यमुखी जीवन जीने का सही मार्ग दिखाता है। साथ ही विद्यालय परिसर में राष्ट्रीय सर्वेक्षण परख-2024 परीक्षा का सफल संचालन हुआ। उक्त परीक्षा में सर्वेक्षण कक्षा 3 व 6 से 30-30 विद्यार्थी सम्मिलित हुआ। पर्यवेक्षक के रूप में सीएम ऑफ़ एक्सीलेंस +2 गर्ल्स हाई स्कूल जामताड़ा में कार्यरत शिक्षक गौरांग चटर्जी के देखरेख में कदाचार मुक्त परीक्षा संपन्न हुआ। मौके पर विद्यालय की निदेशक डॉ चंचल भंडारी ने कहा कि यह सर्वेक्षण का उद्देश्य बच्चों के समग्र शैक्षणिक प्रदर्शन का मूल्यांकन करना और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत छात्रों के मूल्यांकन से संबंधित मापदंड स्थापित करना है। यह सर्वेक्षण न केवल बच्चों की दक्षता का आंकलन करेगा, बल्कि राज्यों की शैक्षणिक रैंकिंग में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मौके पर विद्यालय के प्राचार्य अरूप कुमार यादव ,उप प्राचार्य लारेब खान शिक्षक निवास कुमार तथा उत्पल मंडल ने सर्वेक्षण का सफल संचालन मे महत्वपूर्ण भूमिका निभाया।



