जिला संयुक्त सचिव, झारखंड मुक्ति मोर्चा, मुख्य सत्ताधारी दल
देवघर संताल एक्सप्रेस :-श्रद्धालुओं की सुविधा में बेहतरी के प्रयास के लिए देवघर का हर वर्ग शासन और प्रशासन के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने का पक्षधर है। हर कोई बाबा वैद्यनाथ की नगरी और मंदिर की तंग गलियों का विकास और जीर्णोद्धार चाहता है लेकिन ऐसा काम तोड़ फोड़ के सहारे और विनाश से होकर गुजरे, ऐसा किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा। देवघर का समाज विकास में सहयोगी है,बाधक नहीं। कोरिडोर पर आम जनता के बीच भ्रम की स्थिति है,जिला प्रशासन इस दुविधा पूर्ण स्थिति को दूर करें। उक्त बातें झामुमो जिला संयुक्त सचिव सूरज झा ने कही। उन्होंने कहा कि मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक देवघर में कोरिडोर के लिए काम विभागीय स्तर पर शुरू हो चुका है। इससे सबसे ज्यादा नुकसान तीन समुदाय को है। सबसे अधिक बनिया – मारवाड़ी वर्ग प्रभावित होंगे और इसके बाद पंडा समाज को नुकसान होगा। बताया जा रहा है कि, 33 एकड़ में बाबा बैद्यनाथ कॉरिडोर विकसित होगा। इसके लिए बाबा मंदिर के आसपास के क्षेत्र को अधिग्रहित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जहां तक मेरी जानकारी है अभी तक ऐसी कोई बात नहीं है। सरकार की मंजूरी सहित कई प्रक्रियाओं के बाद इसको धरातल पर लाया जाएगा। देवघर का समाज श्रद्धालुओं और बाबा मंदिर से दूर नहीं होना चाहता है। शासन और प्रशासन को इस बात का पूरा पूरा ख्याल रखना चाहिए और जनभावना के अनुरूप श्रध्दालुओं के हित में काम करना चाहिए ताकि स्थानीय लोगों में किसी भी प्रकार से कोई असंतोष की स्थिति उत्पन्न न हो सके। उन्होंने जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारियों से आग्रह करते हुए कहा कि कोरिडोर के मसले पर जारी भ्रम की स्थिति को दूर किया जाए ताकि जनता भयभीत न हो। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली झारखंड सरकार जनता के प्रति संवेदनशील हैं। हम बसाने पर यकीन करते हैं, उजाड़ने की नीति – सिद्धांत हमारी फितरत नहीं है।



