नई दिल्ली । सुप्रीम कोर्ट ने पुडुचेरी की एक महिला की याचिका खारिज कर दी, जिसमें उसने अनुसूचित जाति के तहत नौकरी में आरक्षण का लाभ देने की मांग की थी। कोर्ट ने कहा कि धर्मांतरण के जरिए आरक्षण का फायदा उठाने की अनुमति नहीं दी जा सकती। जस्टिस पंकज मिथल और आर. महादेवन की पीठ ने साफ कहा कि जो व्यक्ति ईसाई धर्म का पालन करता है, वह खुद को हिंदू बताकर अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र नहीं ले सकता है। कोर्ट ने जोर देकर कहा कि संविधान हर नागरिक को अपनी पसंद से धर्म चुनने की स्वतंत्रता देता है, लेकिन यह स्वतंत्रता सामाजिक न्याय की भावना को ठेस पहुंचाने का आधार नहीं हो सकती। न्यायालय ने कहा कि आरक्षण का लाभ केवल उन लोगों को मिलना चाहिए, जिनके लिए यह नीति बनाई गई है। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा कि महिला नियमित रूप से चर्च जाती है और ईसाई धर्म की परंपराओं का पालन करती है। इसके बावजूद वह खुद को हिंदू बताते हुए अनुसूचित जाति के तहत आरक्षण का लाभ चाहती है। सुप्रीम कोर्ट ने इसे संविधान के साथ धोखाधड़ी करार देते हुए कहा कि धर्मांतरण केवल आरक्षण का लाभ लेने के लिए नहीं किया जा सकता। ऐसा करना आरक्षण की नीति के मूल उद्देश्य के खिलाफ होगा। कोर्ट ने याचिका खारिज करते हुए कहा कि यह आचरण अस्वीकार्य है।






