कोलकाता । पश्चिम बंगाल में मालदा के केंदुआ गांव में एक रिश्ते को तार-तार कर देने का मामला सामने आया है। यहां एक लड़के ने अपनी मां की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना की जानकारी लगते ही गांव वालों ने युवक को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई की और पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी लड़के का नाम चयन सिंह है। वहीं मृत महिला का नाम आरती सिंह है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची शव को कब्जे में लिया। परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक चयन सिंह मजदूरी का काम करता है और उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। रोज काम से आने के बाद वह अपनी मां से झगड़ा करता था। हालांकि, 26 नवंबर को दोनों के बीच लड़ाई चरम पर पहुंच गई। ऐसे में बेटे ने गुस्से में आकर मां को मौत के घाट उतार दिया। पड़ोसियों ने घर से तेज आवाजें सुनने के बाद अंदर झांककर देखा तो महिला खून से लथपथ पड़ी थी और बेटा मौके पर मौजूद था। पड़ोसियों ने बताया कि दोपहर में उसने अपनी मां से 20 रुपये मांगे थे, लेकिन महिला ने उसे देने से मना कर दिया था। इस वजह से युवक ने ऐसा किया है। पड़ोसियों ने तुरंत ही वारदात की सूचना पुलिस को दी। गुजरात के सूरत से भी ऐसी ही दिल दहला देने वाली घटना आई थी। पंचशील नगर में एक बेटे ने अपनी 85 साल की बुजुर्ग मां की हत्या कर दी। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक महिला बंगाली बिस्वाल उड़ीसा के गंजाम की रहने वाली थी और सूरत में अपने बेटे और बहू के साथ रहती थी। पुलिस को आरोपी से पूछताछ में पता चला कि मां ने उसकी पसंद का खाना नहीं बनाया, जिससे वह गुस्से में आ गया।






