मधुपुर संताल एक्सप्रेस:- करौ प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय डहुआ के प्रधानाध्यापक शिवलाल हेंब्रम और सहायक शिक्षक नारायण दास पर बड़ी कार्रवाई की गई है।विभागीय आदेश की अनदेखी, निरीक्षण में मिली गंभीर खामियों, और मांगे गए स्पष्टीकरण का जवाब न देने के कारण प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी विनोद कुमार तिवारी ने दोनों शिक्षकों का वेतन अगले आदेश तक बंद करने का निर्देश दिया है। प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा, “दोनों शिक्षकों को 24 घंटे के भीतर प्रखंड संसाधन केंद्र में जवाब देना होगा। लापरवाही और आदेश की अवहेलना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” गौरतलब है कि 4 नवंबर को विभागीय अधिकारियों ने विद्यालय का निरीक्षण किया था। जांच में कई गंभीर खामियां पाई गईं। सहायक शिक्षक नारायण दास पठन-पाठन छोड़कर एक ग्रामीण से बातचीत में व्यस्त थे। विद्यालय में एक भी बच्चा उपस्थित नहीं था, मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था ठप पड़ी थी, और पाठ योजना पर कोई कार्य नहीं हो रहा था! साथ ही, साफ-सफाई की भी बदहाल स्थिति देखी गई। निरीक्षण के बाद इन शिक्षकों से जवाब मांगा गया था, लेकिन स्पष्टीकरण न देने और सुधार की दिशा में कोई कदम न उठाने पर यह कार्रवाई की गई। इस सख्त कदम से स्पष्ट संकेत है कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए अब लापरवाही किसी भी स्तर पर सहन नहीं की जाएगी।




