-श्याम किशोर चौबे

झारखंड चुनाव 2024 का परिणाम आ गया है। राज्य की 13वीं सरकार के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 24 नवंबर को अपने पद से इस्तीफा कर दिया और राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने उनको मनोनीत मुख्यमंत्री नामित करते हुए अगली सरकार बनाने का न्यौता भी दे दिया। अब गठित होनेवाली छठीं विधानसभा कई रिकार्ड ध्वस्त करनेवाली साबित होगी। पहली तो यही कि हेमंत सोरेन चौथी मर्तबा मुख्यमंत्री बनेंगे। इसके पूर्व अर्जुन मुंडा और शिबू सोरेन के साथ-साथ खुद हेमंत के नाम तीन-तीन बार मुख्यमंत्री बनने का रिकार्ड है।81 सीटों वाली विधानसभा के इस संस्करण में दो-तिहाई बहुमतवाला सत्ता पक्ष होगा क्योंकि चुनाव में इंडिया ब्लॉक को 56 सीटें मिली हैं। असर यह होगा कि वह अकेलेदम बिल पास कर सकेगा। इतना ही नहीं, अपने कार्यकाल में होनेवाले राज्यसभा चुनावों में सरकारी पक्ष राज्य की दोनों सीटें जीतने में कामयाब रहेगा। राज्य में विधायकों के कुल संख्या बल के अनुसार 28 मत पानेवाले राज्यसभा प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित हो जाती है। द्विवार्षिक राज्यसभा चुनाव में झारखंड कोटे में दो सीटें निर्धारित हैं।
दो-तिहाई बहुमतवाली अगली सरकार बेशक सदन में कम्फर्टेबल पॉजिशन में रहेगी लेकिन चुनाव के दौरान किये गये वादे निभाने में वह अर्थ बोझ से दबी रहेगी। अपने घोषणा पत्रों पर अमल करने के लिए उसके समक्ष बजट का लगभग 25 प्रतिशत अतिरिक्त संसाधन जुटाने की चुनौती मुंह बाये खड़ी रहेगी। इस विधानसभा की एक खासियत यह भी होगी कि इसमें कोई मनोनीत विधायक नहीं होगा। केंद्र सरकार इस संबंध में पहले ही निर्णय ले चुकी है। यूं, झारखंड में अबतक एक एंग्लोइंडियन विधायक का सदन द्वारा मनोनयन किया जाता रहा है। विधानसभा के इस दौर में एक साथ दर्जन भर महिला विधायकों की मौजूदगी रहेगी। चुनाव परिणाम के अनुसार कांग्रेस की पांच, झामुमो की तीन और भाजपा की चार महिला प्रत्याशी चुनी गई हैं। उम्मीद है कि कांग्रेस और झामुमो की कुल जमा आठ महिला विधायकों में से किन्हीं दो को मंत्री बनने का अवसर मिलेगा।
चुनाव परिणाम के कुछ आंकड़े चौंकानेवाले और बेहद दिलचस्प हैं, जिनका सदन में कई बार उल्लेख किये जाने की संभावना है। इन आंकड़ों का खासकर प्रतिपक्ष यानी एनडीए ब्लॉक उपयोग कर सकता है। भाजपा 33.20 प्रतिशत वोट लाकर भी केवल 21 विधायक पाने में कामयाब हो सकी, जबकि केवल 23.49 प्रतिशत वोट पाकर झामुमो के 34 विधायक चुने गये। कारण एक ही है, भाजपा ने 68 सीटों पर प्रत्याशी दिये थे, जबकि झामुमो के 43 ही प्रत्याशी थे। दस सीटों पर लड़ी आजसू 3.56 प्रतिशत वोट पाकर एक विधायक की हकदार हुई, जबकि दो सीटों पर लड़े जदयू को 0.80 प्रतिशत मत और एक विधायक की उपलब्धि हुई। केवल एक सीट पर लड़ी लोजपा-आर को 0.61 प्रतिशत मत मिले। उसका प्रत्याशी जीत भी गया। इंडिया ब्लॉक की कांग्रेस की 30 सीटों पर लड़ी। उसको 15.44 फीसद मत और 16 विधायक मिले। छह सीटों पर खड़े राजद को 3.46 प्रतिशत मत और चार विधायक तथा चार सीटों पर लड़ी माले को 1.89 प्रतिशत वोट और दो विधायक मिले। सर्वाधिक 73 सीटों पर खड़े जेएलकेएम को 14.14 प्रतिशत मत तो मिले लेकिन केवल एक प्रत्याशी जीत सका।





