●भाजपा के बांग्लादेशी घुसपैठ के मुद्दे को संताल की जनता ने नकारा
●संताल परगना में भी चला मंइया सम्मान योजना का अंडर करेंट

●हेमंत सोरेन को जेल भेजने से आदिवासियों में भाजपा के प्रति थी नाराजगी
●संताल परगना में भाजपा सभी चार सीटिंग सीटों पर हारी
●झामुमो की सीट 9 से बढ़ कर 11 हुई,2 सीटों के साथ राजद का खाता खुला,सिर्फ कांग्रेस को एक सीट का नुकसान
सुमन सिंह
दुमका । संताल परगना में महागठबंधन की एकतरफा जीत हुई है।18 सीटों में 17 सीटों पर महागठबंधन की जीत हुई है।एक मात्र जरमुंडी सीट भाजपा के खाते में आई है।2019 में संताल परगना से जीते भाजपा के सभी चार सीटिंग विधायक चुनाव हार गए हैं।इस लिहाज से संताल परगना में भाजपा का लगभग सुपड़ा साफ हो गया है।संताल परगना में झामुमो ने सबसे शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी पूर्व की जीती हुई सभी 9 सीटों के साथ सारठ और राजमहल सीट भी जीत लिया है,जो भाजपा की सीटिंग सीटें थीं।इस चुनाव में झामुमो के सभी 11 प्रत्याशी चुनाव जीत गए हैं।महागठबंधन में शामिल राजद दो सीटों पर जीत के साथ संताल परगना में खाता खोला है।2019 चुनाव में राजद को एक भी सीट नहीं थी।कांग्रेस को एक सीट का नुकसान हुआ है।जरमुंडी सीट से कांग्रेस के पूर्व मंत्री बादल चुनाव हार गए।इस एक सीट जरमुंडी को छोड़ कर संताल परगना की सभी 17 सीट पर महागठबंधन की जीत और एनडीए की हार के साथ संताल परगना की जनता ने हेमंत सोरेन की सरकार को दोबारा सत्ता में आने का जनादेश दिया है।चुनाव परिणाम से साफ हो गया है कि संताल परगना की जनता ने भाजपा के ‘बांग्लादेशी घुसपैठ’ और ‘बंटोगे तो कटोगे’ जैसे मुद्दों को नकारते हुए झामुमो के नारा ‘हेमंत दोबारा’ पर भरोसा जताया।संताल परगना की जनता ने मंइया सम्मान,बिजली माफी,अबुआ आवास और ‘सरकार आपके द्वार’ जैसी योजनाओं और कार्यक्रमों पर विश्वास किया जबकि भाजपा अपने घोषित पांच प्रण और संकल्पों पर जनता का भरोसा नहीं जीत सकी।उल्टे बांग्लादेशी घुसपैठ के मुद्दा से झामुमो- कांग्रेस-राजद का वोट बैंक एकजुट हुआ।हेमंत सोरेन के जेल भेजने की घटना से आदिवासी पहले से नाराज थे जो लोकसभा चुनाव में भी दिखा था।आदिवासियों की भाजपा के प्रति नाराजगी इस विधान सभा चुनाव में भी रही।संताल परगना की जनता ने जेल का जवाब जीत दिला कर दिया।राज्य के अन्य क्षेत्रों की तरह ही हेमंत सरकार की मंइया योजना का अंडर करेंट संताल परगना में भी महागठबंधन के पक्ष में चल रहा था। इसका अंदाजा मतदान केंद्रों पर उमड़ी महिला वोटरों की भीड़ से हो गया था।संताल परगना की लगभग सभी सीटों पर इस बार मतदान प्रतिशत बढ़ गया था।
संताल परगना में भाजपा जिस एक सीट जरमुंडी में जीत दर्ज की है,जहां न मंइया योजना का अंडर करेंट चला और न ही हेमंत दोबारा का नारा।जरमुंडी सीट पर कई इलाके में पूर्व मंत्री बादल से लोग नाराज चल रहे थे।मंत्री बनने से पहले बादल अपने क्षेत्र की जनता के प्रति जितनी सहजता से मिलते थे और लोगों के सुख-दुख में खड़े रहते थे,उसमें अपेक्षाकृत कमी आई थी।दूसरी और भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र कुंवर को हरिनारायण राय का साथ मिलने से जातीय समीकरण उनके पक्ष में था।
दुमका सीट पर झामुमो के सीटिंग विधायक बसंत सोरेन की बड़ी जीत हुई है।झामुमो का गढ़ माने जाने इस सीट पर बसंत सोरेन ने रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज की है।2020 के उपचुनाव में बसंत सोरेन 6 हजार से अधिक वोट के अंतर से जीते थे जबकि इस चुनाव में बसंत सोरेन ने 14 हजार से अधिक वोटों के अंतर दुमका सीट पर शानदार जीत दर्ज की।2019 के चुनाव में हेमंत सोरेन इस सीट से 13 हजार से अधिक वोट से जीते थे।दुमका की इस जीत में महागठबंधन के मुद्दों और हेमंत सरकार की सरकारी योजनाओं के साथ ही बसंत सोरेन द्वारा किये गए कार्यों का भी योगदान रहा।बंसत सोरेन ने अपने चार साल के कार्यकाल में मसलिया के लिए करीब 1200 करोड़ की एक मेगा सिंचाई परियोजना का काम शुरू कराया है।बता दें कि झामुमो प्रत्याशी बसंत सोरेन को सबसे अधिक लीड मसलिया क्षेत्र से मिली। पथ निर्माण मंत्री रहते बसंत सोरेन ने अपने क्षेत्र में अच्छी सड़कों का जाल बिछाया है।इन विकास योजनाओं का असर भी दुमका के चुनाव परिणाम पर दिखा।
शिकारीपाड़ा में झामुमो प्रत्याशी आलोक सोरेन की जीत अप्रत्याशित नहीं है।लगातार 7 टर्म से आलोक सोरेन के पिता नलिन सोरेन इस सीट से विधायक निर्वाचित होते रहे।पिछला चुनाव नलिन सोरेन करीब 25 हजार वोट से जीते थे।अपने पिता नलिन सोरेन की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए सीट पर पहली बार चुनाव लड़ रहे आलोक सोरेन 41हजार से अधिक वोट से जीते हैं।
इधर जामा सीट पर झामुमो प्रत्याशी डॉ लुईस मरांडी अपनी प्रतिष्ठा बचाने में सफल रहीं। इस सीट से लगातार तीन टर्म से झामुमो के टिकट पर सीता सोरेन जीतती रही थीं।पिछला चुनाव सीता सोरेन 2300 वोट से अधिक वोटों से जीती थी जबकि जामा से पहली बार चुनाव लड़ रहीं डॉ लुईस मरांडी ने 5 हजार से अधिक वोटों से जीत दर्ज की है।चुनाव से ठीक पहले भाजपा छोड़ कर झामुमो में आई डॉ लुईस मरांडी की जीत से यह साबित हो गया है कि जामा झामुमो की पारंपरिक सीट है।यहां जीत के लिए झामुमो का सिंबल काफी है।



