जामा के गांवों में अच्छी सड़क न कोई अस्पताल
न सिंचाई का कोई साधन न मजदूरों को मिलता काम
सुरेश मुर्मू को मिल रहा है जामा का स्थानीय होने का लाभ
डॉ.लुईस मरांडी को मिल रहा है मंइया सम्मान योजना का लाभ
सुमन सिंह
दुमका।जामा विधानसभा क्षेत्र में 20 नवम्बर को मतदान है।चुनाव प्रचार अभियान अंतिम चरण में है।स्टार प्रचारकों की चुनावी सभाएं लगातार हो रही है।चुनावी वादे हो रहे हैं पर जनता को नेताओं के वादों पर भरोसा नहीं है।क्षेत्र के लोगों का कहना है कि हर चुनाव में नेता आते हैं और विकास की बड़ी-बड़ी बातें कर जाते हैं।जामा क्षेत्र से शिबू सोरेन भी विधायक रह चुके हैं।उनका बेटा दुर्गा सोरेन दो टर्म और पुत्रवधु सीता सोरेन तीन टर्म विधायक रहीं पर जामा आज भी पिछड़ा हुआ है। जामा विधान सभा क्षेत्र का टेंगधोवा पंचायत दुमका जिला मुख्यालय से महज 12 किमी दूरी पर है।इस पंचायत में 14 गांव है। इन गांवों में बुनियादी सुविधाओं की काफी कमी है। टेंगधोवा पंचायत के जीतलाल हेम्ब्रम ने बताया कि गांव में पीने के लिए पानी तो मिल जाता है पर खेतों के लिए सिंचाई की कोई व्यवस्था नहीं है।वर्षा के पानी पर निर्भरता के कारण साल में सिर्फ एक खेती होती है। तीन साल से समय पर बारिश नहीं होने से खेती भी ठीक से नहीं हो सकी। गांव में एक प्राथमिक विद्यालय है पर आगे की पढ़ाई के लिए जामा जाना होता है। गांव में एक स्वास्थ्य केन्द्र भी नहीं है। दलदली गांव के राखासेल सोरेन रोजगार नहीं मिलने से खफा दिखे।रखासेल सोरेन कहते हैं कि सड़क निर्माण का काम हो जा तालाब की खुदाई,हर बड़ा काम आजकल मशीन से होता है।स्थानीय स्तर पर मजदूरी का काम भी नहीं मिलता है।सबसे अधिक जामा के लोग ही रोजगार के लिए बाहर जाते हैं।
हररखा गांव के परमेश्वर राय इस बात से दुखी हैं कि उनका राशन कार्ड नहीं बना है,न ही अबुआ आवास मिला। हररखा गांव में उप स्वास्थ्य केन्द्र है पर वहां तक पहुंचने के लिए सड़क नहीं है। टेंगधोवा पंचायत में ही आमगाछी गांव के झाझा बास्की ने बताया कि गांव के टांडी टोला में सड़क नहीं है।
चुनाव की चर्चा पर लोगों ने बताया कि सुरेश मुर्मू के बारे में लोगों का कहना है कि वे स्थानीय हैं। इसका उन्हे लाभ मिल रहा है।सुरेश मुर्मू जामा के बेटा हैं। जबकि डॉ.लुईस मरांडी दुमका की हैं। डॉ.लुईस को झामुमो का प्रत्याशी होने का फायदा मिल रहा है।आदिवासी वोटरों में झामुमो की पैठ है। दूसरी ओर हररखा गांव के परमेश्वर राय ने कहा कि हमलोग भाजपा के समर्थक हैं। इस चुनाव में भी सुरेश मुर्मू का समर्थन करेंगे।पिछला दो चुनाव वे हार रहे हैं,इस कारण लोगों की सहानुभूति भी मिल रही है। इधर जामा के ही भूटोकोरैया पंचायत के कमारदुधानी की रेशमी मुर्मू ने खुल कर कहा कि वह चुनाव में डॉ.लुईस मरांडी का समर्थन करेगी क्योंकि वह झामुमो से चुनाव लड़ रही है। रेशमी मुर्मू का कहना था कि हेमंत सरकार मंइया योजना से हर माह 1 हजार रुपए भेज रही है। पहले भी वह झामुमो का ही समर्थन करती रही है। इधर टेंगधोवा पंचायत के दलदली गांव के राखासेल सोरेन ने बताया कि कई माह से वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिल रहा है।वहीं हररखा गांव के परमेश्वर राय ने बताया कि पारम्परिक गुड़ैत को मिलने वाला 1000 रुपए प्रति माह का पेंशन भी पांच महीने से बंद है।

—
जामा में लुईस मरांडी और सुरेश मुर्मू के बीच है कांटे का मुकाबला
दुमका। जामा विधान सभा क्षेत्र में कुल 18 प्रत्याशी हैं। मुख्य मुकाबला झामुमो की डॉ.लुईस मरांडी और भाजपा के सुरेश मुर्मू के बीच है।मुकाबला कांटे का है। झामुमो के बागी रामकृष्ण हेम्ब्रम तीसरा कोण बनाने के लिए जीतोड़ मेहनत कर रहे हैं। नाचनगड़िया और आसपास के कुछ इलाके में रामकृष्ण हेम्ब्रम को लोगों का समर्थन मिल रहा है।रामकृष्ण हेम्ब्रम का समर्थन करने वाले लोग झामुमो के समर्थक रहे हैं।अगर हेम्ब्रम इस समर्थन को वोट में तब्दील करा पाने में सफल होते हैं तो इससे झामुमो को ही नुकसान होगा।
—
सुरेश व लुईस के समर्थन में स्टार प्रचारकों ने झोंकी ताकत
दुमका।चुनाव प्रचार में दलों ने पूरी ताकत झोंक रखी है। शनिवार को दुमका के गांधी मैदान में दुमका से भाजपा प्रत्याशी सुनील सोरेन के साथ ही जामा से भाजपा प्रत्याशी सुरेश मुर्मू के समर्थन में गृह मंत्री अमित शाह ने चुनावी रैली की। वहीं जामा में झामुमो प्रत्याशी डॉ.लुईस मरांडी के लिए झामुमो की स्टार प्रचारक कल्पना सोरेन ने वोट मांगा।एक दिन पहले डॉ.लुईस मरांडी के लिए पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने चुनाव प्रचार किया था। जबकि सुरेश मुर्मू के समर्थन में पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन की चुनावी सभा हुई थी।
—
जामा विधान सभा क्षेत्र में वोटर
पुरुष वोटर 109841
महिला वोटर 114710
ट्रांसजेंडर 2
कुल वोटर- 224553





