संताल एक्सप्रेस संवाददाता
अमड़ापाड़ा(पाकुड़ )। स्थानीय थाना में बीते शनिवार को पाडेरकोला गांव निवासी चार व्यक्तियों पर मारपीट व गाली-गलौज करने को लेकर अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है। थाना में दर्ज पहली प्राथमिकी में आवेदिका पाडेरकोला पंचायत की मुखिया सुष्मिता मुर्मू है। दर्ज प्राथमिकी में मुखिया ने आरोप लगाते हुए उल्लेख किया है कि बीते 14 जुलाई को पाडेरकोला निवासी आशीष हेम्ब्रम, महादेव मिर्धा और अनिल मुर्मू ने पाडेरकोला चौक पर उसके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। साथ ही आवेदन में लिखा गया है कि उक्त तीनों लोगों द्वारा उनपर गलत काम करने को लेकर दबाव बनाया जाता है। मुखिया सुष्मिता मुर्मू ने तीनों व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। वहीं पुलिस ने इस मामले में थाना में कांड संख्या 42/24 के साथ भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
वहीं थाना में दर्ज दूसरी प्राथमिकी पाडेरकोला निवासी सबेनुर बीबी के लिखित बयान पर दर्ज की गई है। सबेनुर बीबी ने भी पाडेरकोला निवासी आशीष हेम्ब्रम, महादेव मिर्धा व एक अन्य व्यक्ति अंदु मिर्धा पर अवैध रूप से वन भूमि को कब्जा कर मंदिर निर्माण करने के साथ-साथ गाली- गलौज करने व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज प्राथमिकी में उल्लेख है कि अपने ससुर द्वारा पिछले 50 साल पूर्व बनाए गए दुकान में वह दुकान कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती है। बीते 30 जुलाई को शाम पांच बजे महादेव मिर्धा, अंदु मिर्धा और आशीष हेम्ब्रम उसकी दुकान पर आए और दुकान के ठीक बगल में आवेदिका के परिजनों द्वारा पूर्व में लगाए गए आम के पेड़ सहित वन भूमि को मंदिर बनाने के नाम पर घेराबंदी करने लगे। जब मैंने इसका विरोध किया तो मुझे और मेरे बेटे को गाली-गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। वहीं आशीष हेम्ब्रम पर आवेदिका ने खुद को एक राजनीतिक पार्टी का नेता बताकर उसके दुकान को तोड़ने और पाडेरकोला से भगा देने का आरोप लगाया है। साथ ही थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने इस संबंध में थाना में कांड संख्या 43/24 सहित भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
वहीं इस संबंध में पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


