रांची । झारखंड गठन के बाद से अब तक यहां चार विधानसभा चुनाव हो चुके हैं। इस बार के विधानसभा चुनाव में पहली बार झामुमो-इंडिया गठबंधन और बीजेपी (एनडीए) सहयोगी दलों के साथ मिल कर चुनाव लड़ रही हैं। राज्य में अब तक किसी एक दल को पूर्ण बहुमत नहीं मिला है, लेकिन पिछले दो चुनाव से गठबंधन को बहुमत मिल रहा है। 2014 के चुनाव में बीजेपी गठबंधन तो 2019 में झामुमो गठबंधन को बहुमत हासिल हुआ था।
2014 के चुनाव में बीजेपी का आजसू के साथ गठबंधन था लेकिन झामुमो और कांग्रेस अलग-अलग चुनाव लड़े थे। इस प्रकार 2019 में झामुमो, कांग्रेस व राजद का गठबंधन हुआ था। तीनों दलों ने मिलकर चुनाव लड़ा और गठबंधन को बहुमत मिला था। 2019 में बीजेपी व आजसू पार्टी दोनों अलग-अलग चुनाव लड़ी थी। इस साल दोनों प्रमुख दल अपने-अपने गठबंधन के साथ चुनावी मैदान में उतरे हैं। बीजेपी का आजसू, जदयू व लोजपा (आर) के साथ गठबंधन है। वहीं झामुमो का कांग्रेस, राजद व माले के साथ गठबंधन है।
झारखंड में बीजेपी को 2014 के चुनाव में सबसे ज्यादा 37 सीटें हासिल हुई थी। वहीं झामुमो को 2019 के चुनाव में सबसे ज्यादा 30 सीटें मिली थीं। 2019 में कांग्रेस को भी सबसे ज्यादा 16 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। बीजेपी का जदयू के साथ दो चुनाव के बाद गठबंधन हुआ है। 2014 व 2019 के चुनाव में बीजेपी का जदयू के साथ गठबंधन नहीं हुआ था।
2005 में बीजेपी व जदयू के बीच गठबंधन हुआ था। 2005 में बीजेपी 63 व जदयू 18 सीटों पर चुनाव लड़ा था। वहीं 2009 में बीजेपी 67 व जदयू 14 सीटों पर चुनाव लड़ी थी। 2005 में आजसू पार्टी 40 व 2009 में 54 सीटों पर चुनाव लड़ी थी। 2005 में झामुमो 49, कांग्रेस 41 व राजद 51 सीटों पर और 2009 में झामुमो 78, कांग्रेस 61 व राजद 56 सीटों पर चुनाव लड़ी थी।






