●नाला सीट पर भाजपा के दो बागी सत्यानन्द झा बाटुल और वीरेंद्र मंडल ने नामांकन वापस लिया
●जरमुंडी में भाजपा की बागी प्रत्याशी जुली यादव भी चुनाव मैदान में डटी
सुमन सिंह
दुमका। शुक्रवार को विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए नाम वापसी का काम पूरा हो गया।संताल परगना में कई सीटों पर विभिन्न दलों के अधिकृत प्रत्याशियों के विरुद्ध नामांकन कर रखे बागियों को मनाने का दौर अंतिम समय तक चला।कई बागी प्रत्याशियों ने नामांकन वापस लिया जबकि कई बागी चुनाव मैदान में डटे रहे गए हैं।नाला से भाजपा के बागी सत्यानन्द झा उर्फ बाटुल झा और वीरेंद्र मंडल ने नाम वापस ले लिया है।टिकट नहीं मिलने से नाराज दोनों भाजपा नेताओं को मनाने में असम के मुख्यमंत्री और झारखंड भाजपा के चुनाव सह प्रभारी हिमंता विस्वा सरमा सफल रहे।इधर जामा विधान सभा क्षेत्र में झामुमो के बागी रामकृष्ण हेम्ब्रम चुनाव मैदान में डटे रहे गए हैं।रामकृष्ण हेम्ब्रम जामा सीट से झामुमो से टिकट के दावेदार थे पर पार्टी ने भाजपा से झामुमो में आई डॉ. लुईस मरांडी को टिकट दे दिया।डॉ लुईस मरांडी को जामा से झामुमो का टिकट मिलने का विरोध कर रहे रामकृष्ण हेम्ब्रम ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल कर दिया।सूत्रों के अनुसार झामुमो के इस बागी प्रत्याशी रामकृष्ण हेम्ब्रम को नामांकन वापस लेने के लिए मनाने का काफी प्रयास किया गया पर उन्होनें नामांकन वापस नहीं लिया और निर्दलीय चुनाव मैदान में ताल ठोक रहे हैं।रामकृष्ण हेम्ब्रम को बांसुरी चुनाव चिन्ह आवंटित हुआ है।रामकृष्ण हेम्ब्रम पूर्व में झामुमो युवा मोर्चा के दुमका जिला के जिलाध्यक्ष रह चुके हैं।इधर जरमुंडी विधान सभा क्षेत्र से भाजपा से बगावत कर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन का पर्चा भर चुकी जुली यादव भी चुनाव मैदान में डटी हुई हैं।जुली यादव भाजपा से जरमुंडी सीट से टिकट चाहती थीं पर पार्टी ने 2019 में प्रत्याशी रह चुके देवेंद्र कुंवर पर ही भरोसा करते हुए इस चुनाव मैदान में भी उन्हें जरमुंडी से प्रत्याशी बनाया।उसके बाद जुली यादव ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन कर दिया।सूत्रों के मुताबिक जुली यादव को अपना नामांकन वापस लेने के लिए पार्टी के कई नेताओं ने सम्पर्क साधा था।दो दिन पहले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी से मुलाकात और वार्त्ता के बाद यह कयास लग रहा था कि जुली यादव मान गई हैं और वह अपना नामांकन वापस ले लेगी।पर जुली यादव ने अपना नामांकन वापस नहीं लिया।निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में वह जरमुंडी के चुनाव मैदान में डटी हुई है।उन्हें ऑटो रिक्सा चुनाव चिन्ह आवंटित हुआ है।विभिन्न सीटों पर अलग-अलग दलों के बागी प्रत्याशी चुनाव में कितना प्रभावी रहेंगे यह चुनाव परिणाम से पता चलेगा।फिलवक्त इन बागी प्रत्याशियों ने चुनाव मैदान में डटे रह कर अपने दलों के अधिकृत प्रत्याशियों और उनके रणनीतिकारों की चिंता जरूर बढ़ा दी है।






