●लिट्टीपाड़ा से विधायक दिनेश विलियम मरांडी का टिकट कटा,हेमलाल होंगे प्रत्याशी
●जामा सीट पर प्रत्याशी के नाम की नहीं हुई घोषणा
●शिकारीपाड़ा से नलिन सोरेन के बेटे आलोक सोरेन को मिला टिकट
●सारठ से चुन्ना सिंह और राजमहल से एमटी राजा लड़ेंगे चुनाव
संताल परगना ब्यूरो
दुमका। विधानसभा चुनाव के लिए झामुमो ने जिन 35 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की है उसमें 10 सीटें संताल परगना की है।जामा सीट को छोड़ कर पार्टी ने संताल परगना में अपने हिस्से की सभी सीटों के लिए प्रत्याशी घोषित कर दिया है।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बरहेट और बसंत सोरेन दुमका से चुनाव लड़ेंगे।
भाजपा छोड़ कर डॉ लुईस मरांडी के झामुमो में शामिल होने के बाद कयास लगाया जा रहा था कि उन्हें जामा से टिकट दिया जाएगा पर झामुमो ने बुधवार को देर शाम तक जामा सीट को होल्ड पर रखा है।इस सीट से किसी प्रत्याशी के नाम की घोषणा नहीं की गई है।
पांच सीटों- लिट्टीपाड़ा, शिकारीपाड़ा,सारठ, बोरियो और राजमहल में नए प्रत्याशियों को उतारा गया है।
लिट्टीपाड़ा के सिटिंग विधायक दिनेश विलियम मरांडी का टिकट कट गया है।लिट्टीपाड़ा से हेमलाल मुर्मू को टिकट दिया गया है जिन्होंने कुछ माह पूर्व भाजपा छोड़ कर झामुमो में घरवापसी की है।
शिकारीपाड़ा में झामुमो ने नलिन सोरेन के बेटे आलोक सोरेन को टिकट दिया है।शिकारीपाड़ा से लगातार 7 टर्म से झामुमो विधायक नलिन सोरेन गत लोकसभा चुनाव में दुमका सीट से सांसद निर्वाचित हो चुके हैं।नलिन सोरेन के पुत्र आलोक सोरेन लगातार शिकारीपाड़ा में सक्रिय थे।
तीसरी सीट जिस पर झामुमो ने बड़ा बदलाव किया है वह सारठ है।यहां से पूर्व विधायक उदय शंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह को झामुमो का टिकट मिला है।वे सारठ में भाजपा के दो टर्म से विधायक रणधीर सिंह को चनौती देंगे।
बोरियो सीट पर भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे लोबिन हेम्ब्रम को चुनौती देने के लिए झामुमो ने धनंजय सोरेन को उम्मीदवार बनाया है।लोबिन हेम्ब्रम 2019 में झामुमो के टिकट से जीते थे पर 2024 के लोकसभा चुनाव में वे झामुमो से बगावत कर पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी विजय हांसदा के विरुद्ध निर्दलीय चुनाव लड़ गए थे।इस कारण उन्हें झामुमो से निष्कासित कर दिया गया तो वे भाजपा में शामिल हो गए थे।
राजमहल में भाजपा प्रत्याशी अनंत ओझा को चुनौती देने के लिए झामुमो ने एमटी राजा को टिकट दिया है।2019 में एमटी राजा झामुमो छोड़ कर आजसू से इस सीट पर चुनाव लड़ कर हार गए थे।कुछ माह पूर्व वे झामुमो में घर वापसी कर इस चुनाव में झामुमो के उम्मीदवार बने हैं।झामुमो ने शेष सीटों पर प्रत्याशियों में कोई फेरबदल नहीं किया गया है।






