मेहरमा (गोड्डा) : विगत 5 वर्षों से बंद विद्यालय हिमालयन एकेडमी का ताला सोमवार को प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में खोला गया। इसके साथ ही अगले सत्र से नामांकन का रास्ता साफ हो गया। जिला शिक्षा अधीक्षक दीपक कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी मिथिला टुडू, महागामा अनुमंडल पदाधिकारी आलोक वरन केसरी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रशेखर आजाद, प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी अभिनव कुमार, थाना प्रभारी नीतीश अश्विनी की मौजूदगी में विद्यालय के मुख्य द्वार तथा कार्यालय कक्ष का ताला खुलवाया गया। जिसकी वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई गई। इस दौरान विद्यालय के अध्यक्ष अरविंद संथालिया, ट्रस्टी विपिन कुमार जायसवाल के साथ प्रबुद्ध ग्रामीणों में मनोज कुमार, बिभास कुमार सिन्हा, विलियम कुमार, इंद्रनील घोषाल, पंकज कुमार झा, कपूर चंद कुशवाहा, हेमंत कुमार, प्रभाकर पांडेय आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे। ज्ञात हो कि सन् 2019 में मेहरमा बाईपास में स्थित इस विद्यालय का एक वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया था। जिसके आलोक में तत्कालीन उपायुक्त किरण पासी के आदेश पर तत्कालीन एसडीम, एसडीपीओ, सीओ एवं थाना प्रभारी की उपस्थिति में विद्यालय को सील कर दिया गया था। सभी केस खारिज होने के बाद अब विद्यालय खुलने का रास्ता साफ हो गया।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


