●तीन पूर्व मंत्रियों दुमका से डॉ. लुईस मरांडी, नाला से सत्यानंद झा और मधुपुर से राज पालिवार का टिकट कटा
●भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ताला मरांडी का बोरियो से टिकट कटा
●बेटिकट हुए एक पूर्व मंत्री झामुमो के संपर्क में हैं तो दूसरे कांग्रेस से टिकट लेने की लगा रहे जुगत
सुमन सिंह
दुमका।विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की जो पहली आधिकारिक सूची जारी हुई है,उसमें संताल परगना की 16 सीटें शामिल है।पार्टी ने कई सीटों पर प्रत्याशी बदल दिया है।कई प्रमुख नेताओं का टिकट काट दिया गया है जबकि कई सीटों पर पुराने प्रत्याशियों को दोबारा मौका दिया गया है।संताल परगना के सभी चार सीटिंग विधायक रणधीर सिंह(सारठ), नारायण दास (देवघर), अमित मंडल (गोड्डा) और अनंत ओझा (राजमहल) पर पार्टी ने फिर से भरोसा किया है।जिन दावेदारों का टिकट कट गया है उनमें दुमका सीट से पूर्व मंत्री डॉ.लुइस मरांडी, मधुपुर से पूर्व मंत्री राज पालिवार, नाला से पूर्व मंत्री सत्यानंद झा बाटुल और बोरियो से भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ताला मरांडी का नाम प्रमुख है।इनमें कई नेताओं के पाला बदल कर दूसरे दल से चुनाव लड़ने के कयास लगाए जा रहे हैं।एक पूर्व मंत्री के झामुमो के संपर्क में होने की जोरदार चर्चा है।वहीं एक पूर्व मंत्री के कांग्रेस के टिकट से चुनाव लड़ने की अटकल है।सबसे पहले भाजपा ने ही प्रत्याशियों की सूची जारी की है।दूसरे दलों की सूची भी शीघ्र ही जारी होने की उम्मीद की जा रही है।एक-दो दिनों के अंदर यह साफ होगा कि भाजपा से बेटिकट किये गए प्रमुख नेताओं में कौन पाला बदल कर दूसरे दल से चुनाव मैदान में कूदता है।
–
डॉ. लुईस मरांडी को बरहेट से चुनाव लड़ा सकती है भाजपा
दुमका।भाजपा ने प्रत्याशियों की जो सूची जारी की है उसके मुताबिक बरहेट से अभी किसी को टिकट नहीं दिया गया है।बरहेट मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सीट है।भाजपा को इस सीट से किसी मजबूत प्रत्याशी की तलाश है।दुमका सीट से डॉ.लुईस मरांडी का टिकट कटने के बाद भाजपा के अंदर यह चर्चा तेजी से चल रही है कि पार्टी डॉ. लुईस मरांडी को हेमंत सोरेन के खिलाफ बरहेट से चुनाव मैदान में उतार सकती है।बता दें कि 2014 के विधानसभा चुनाव में दुमका सीट से हेमंत सोरेन को डॉ. लुईस मरांडी ने हरा दिया था।तब हेमंत सोरेन सीएम थे।हेमंत सोरेन को हरा कर विधायक बनी डॉ लुईस मरांडी रघुवर सरकार में मंत्री बनी थीं।पर 2019 के चुनाव तक दुमका में डॉ. लुईस मरांडी की लोकप्रियता घट गई।नतीजतन 2019 में वे दुमका सीट से मंत्री रहते हेमंत सोरेन से चुनाव हार गई थीं।पुनः 2020 के उपचुनाव में उन्हें टिकट मिला पर वे बसंत सोरेन से चुनाव हार गई थीं।इस बार भी वे दुमका से टिकट की दावेदार थीं पर पार्टी ने पूर्व सांसद सुनील सोरेन को टिकट दिया है।सूत्रों के मुताबिक डॉ लुईस मरांडी को बरहेट से चुनाव लड़ने का विकल्प दिया गया है।इस पर पार्टी के किसी नेता या डॉ. लुईस मरांडी ने अभी कोई बयान नहीं दिया है।


