कोलकाता । पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के कुलतली में एक नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक बलात्कार और उसकी हत्या का मामला सामने आया है। चौथी कक्षा की छात्रा को ट्यूशन से लौटते समय अगवा किया गया। फिर बलात्कार कर हत्या कर दी गई। बाद में, ग्रामीणों ने नदी किनारे से लड़की का शव बरामद किया। घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनकी शिकायत दर्ज नहीं की, जिससे वे आक्रोशित हो गए। गुस्से में लोगों ने कुलतली पुलिस थाने में तोड़फोड़ कर आग लगा दी। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने से इंकार किया, जो घटना के गंभीरता को दर्शाता है।
भाजपा नेता डॉ. सुकांत मजूमदार ने घटना की कड़ी निंदा कर कहा कि यह नाबालिग के साथ हुई घटना ममता बनर्जी के प्रशासन की विफलता को दिखाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन पूरी तरह से राजनीतिक हो चुका है और यह जतना की सुरक्षा में असफल हो रहा है। भाजपा नेता सुकांत ने कहा कि ममता बनर्जी ने एफआईआर के लिए छानबीन करने की सलाह दी थी, जो कि राज्य में बढ़ते बलात्कार और हत्या के मामलों की गंभीरता को बताता है।
भाजपा आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने घटना पर प्रतिक्रिया देकर एक्स पर लिखा कि बंगाल में एक और दुखद घटना में कुलतली पुलिस स्टेशन के अंतर्गत कृपाखाली इलाके में एक 11 वर्षीय नाबालिग बच्ची का अपहरण कर बलात्कार किया और उसकी हत्या कर दी गई। उन्होंने बताया कि गुस्साए ग्रामीणों ने कुलतली पुलिस स्टेशन पर हमला किया, क्योंकि पुलिस ने शिकायत दर्ज करने से इंकार किया। भाजपा आईटी प्रमुख मालवीय ने इस बात पर जोर दिया कि जब तक राज्य में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जाती, तब तक इसतरह के अपराध जारी रहने वाले है। उन्होंने कहा कि बंगाल में महिलाएं और लड़कियां असुरक्षित हैं, और इस समस्या को हल करने के लिए ममता बनर्जी को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। यह घटना राज्य में महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे को फिर से उजागर करती है, खासकर जब दुर्गा पूजा जैसे धार्मिक उत्सव चल रहे हैं।






