पुणे । पुणे के एक सुनसान इलाके में देर रात तक बॉयफ्रेंड के साथ घूमना एक लड़की को भारी पड़ गया। 21 साल की पीड़िता अपने दोस्त के साथ रात में सुनसान जगह पर थी तभी तीन लड़के आए और उन्होंने लड़की के दोस्त की पिटाई की और लड़की को उठा ले गए। तीनों ने बारी बारी से रेप किया,इसके बाद फरार हो गए। सभी आरोपी फरार हैं और पीडि़त अस्पताल में भर्ती है। गैंगरेप की इस घटना पर सुप्रिया सुले ने चिंता जाहिर की है। एनसीपी की सुप्रिया सुले ने पुणे की घटना के बाद महिला सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा, लगातार महिलाओ के खिलाफ अत्याचार हो रहा है। गृह मंत्रालय इनको रोकने में नाकाम रहा है। महाराष्ट्र महिलाओं के लिए सुरक्षित नहीं… ऐसा कहना पड़ेगा। दोषियों को पकड़कर कड़ी कार्यवाए की जाए।
पीड़ित के दोस्त ने लड़की को देर रात अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल, लड़की अभी अस्पताल में भर्ती है। पुलिस की टीम भी अस्पताल पहुंच चुकी है और मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने कहा कि उसे सुबह पांच बजे इस गैंगरेप की जानकारी मिली है। लड़की से गैंगरेप करने वाले वे तीनों दरिंदे कौन थे, उसकी डिटेल भी सामने नहीं आई है। फिलहाल, पुलिस लड़की के दोस्त से पूछताछ कर रही है और गैंगरेप की गुत्थी को सुलझाने की कोशिश कर रही है।पुणे पुलिस के मुताबिक, पीड़ित लड़की और उसका दोस्त दोनों कॉलेज स्टूडेंट हैं। पीड़ित लड़की जलगांव की रहनेवाली है, जबकि उसका दोस्त सूरत का रहने वाला है। दोनों एक ही कॉलेज में पढ़ते हैं और रात के वक्त वे दोनों घूमने गए थे। उसी वक्त सुनसान जगह पर तीन लड़कों ने उन्हें घेर लिया। उन तीनों ने पहले मारपीट की, उसके बाद लड़की का गैंगरेप किया। पुणे पुलिस और क्राइम ब्रांच की कई टीमें आरोपियों की तलाश में है। पुणे और आस-पास के इलाको में छापेमारी भी हो रही है।






