राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हेमंत सरकार पर साधा निशाना
शेखर सुमन
देवघर । भाजपा की परिवर्तन यात्रा को लेकर शनिवार को राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा देवघर पहुंचे। यहां पर उन्होने ने केकेएन स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया। परिवर्तन यात्रा में राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश भी शामिल हुए। इस दौरान राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हेमंत सरकार और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि झारखंड में कांग्रेस, झामुमो, राजद और अन्य दल की सरकार है। जो तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार के आधार पर राज्य को चला रही है। इस सरकार में जो भी दल शामिल है, वह सिर्फ झूठे वादे के आधार पर लोगों को ठग रही है। यह सरकार सिर्फ और सिर्फ अपना और अपने परिवार की उन्नति कर रही है। इसे आम जनता से कोई मतलब नहीं है। लूट और झूठ के आधार पर सरकार अपना और अपने परिवार की तिजोरी भर रही है। हेमंत सरकार में शामिल जितने भी राजनीतिक दल हैं चुनाव के वक्त जो घोषणा पत्र जारी की थी उसमें से एक भी घोषणा पूरा नहीं करने में कामयाब हो पाई। न तो राज्य में युवाओं को रोजगार, न महिलाओं की सुरक्षा और न ही किसानों की आय में वृद्धि हुई है और ना ही राज्य का विकास हो पाया है। ऐसे में भजनलाल ने भाजपा की सरकार बनाने के लिए आम लोगों से अपील की है। भजनलाल ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान हेमंत सोरेन की सरकार राज्य में बांग्लादेशियों को घुसपैठ कराकर मतदाता सूची में इनकी संख्या को बढ़ाने का काम कर रही है। जबकि जल जंगल जमीन की लड़ाई लड़ने वाले आदिवासियों की संख्या लगातार राज्य में घट रही है। भजन लाल ने कहा कि इससे साफ जाहिर होता है कि यह सरकार सिर्फ अपना वोट बैंक बनाने के लिए बांग्लादेशियों का घुसपैठ करा रही है।इस परिवर्तन यात्रा में उपरोक्त के अलावा देवघर विधायक नारायण दास, गोड्डा विधायक अमित मंडल,सहित प्रदेश स्तर के और जिला स्तर के कई नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बाबा बैजनाथ मंदिर में की पूजा अर्चना

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा निर्धारित कार्यक्रम के तहत बाबा बैजनाथ मंदिर पहुंचे। जहां पर उन्होंने गर्भगृह में जाकर भगवान भोलेनाथ के ज्योतिर्लिंग पर जलाभिषेक कर पूजा अर्चना किया।मंदिर आने से पहले मंदिर प्रबंधन के तरफ सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। जब तक मुख्यमंत्री मंदिर परिसर में मौजूद तब तक आम लोगों को मंदिर प्रवेश पर रोक लगा दी गई थी।


