गिरिडीह/दुमका/पलामू। जिले के देवरी थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों में एक परिवार के तीन बच्चे शामिल हैं। मृतकों में अर्जुन कुमार साव (17), विष्णुदेव साव (13), गजेंद्र साव (15), कुश कुमार (18)सहित अन्य शामिल है। वहीं, घायलों में उमेश यादव शामिल है। इधर, इसी थाना क्षेत्र के बांसडीह गांव के टोला तिलयडीह में आकाशीय बिजली गिरने की घटना में संतोष तिवारी (40) की मौत हो गयी। वे धान की खेत में बिचड़ा डाल रहे थे। दुमका जिला के रामगढ़ प्रखंड में मंगलवार को जोरदार हुई बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से तीन की मौत हो गई है। जबकि कई के घायल होने की सूचना है। जानकारी के मुताबिक रामगढ़ प्रखंड के गिदबोना गांव में धान रोपाई के दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरने से 20 वर्षीय आलतामुनि मरांडी की मौके पर ही मौत हो गई।
आलतामुनि मरांडी मूल रूप से मडगामा गांव की रहने वाली थीं तथा उनका विवाह गिदबोना गांव में हुआ था। घटना के समय वह अपने पति राजेंद्र मुर्मू और 4 वर्षीय बच्चे के साथ खेत में धान रोप रही थीं। आकाशीय बिजली की चपेट में आने से उनके पति और बच्चा भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज चल रहा है। दोनों की भी स्थिति नाजुक बताई जा रही है। वहीं प्रखंड क्षेत्र के छोटी रनबहियार पंचायत के खुदीमेरखो गांव में भी आकाशीय बिजली गिरने से 30 वर्षीय बाबूलाल हेंब्रम की मौत हो गई। बताया जाता है कि बाबूलाल अपनी मां के साथ खेत में काम करने गए थे।
कुछ समय बाद उनकी मां घर लौट आई, जबकि बाबूलाल खेत में ही काम करते रहे। इसी दौरान लगभग दो घंटे तक लगातार हुई भारी बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से उसकी मौत हो गई है। जबकि आकाशीय बिजली से रामगढ़ प्रखंड के ही डूमरजोर निवासी रोहित कुंवर (30) की मौत हो गई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर हाल बुरा है। पलामू जिले के मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के गाजी बिहरा गांव में मंगलवार को बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने सेे एक महिला की मौत हो गयी, वहीं तीन अन्य महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गयीं।


