पूर्वी सिंहभूम । पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा प्रखंड अंतर्गत कुमीर पंचायत के लगभग 75 मजदूरों का बकाया भुगतान नहीं होने का मामला रविवार को जमशेदपुर स्थित पूर्व मंत्री सह भाजपा नेता दुलाल भुईयां के भुईयाडीह स्थित आवासीय कार्यालय पहुंचा। मजदूरों ने सामूहिक रूप से दुलाल भुईयां से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया और जल्द भुगतान कराने की मांग की।
मजदूरों ने बताया कि कार्य करने के बावजूद उन्हें अब तक मेहनताना नहीं मिला है, जिससे उनके समक्ष आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। भुगतान नहीं मिलने के कारण मजदूरों और उनके परिवारों को दैनिक जरूरतों की पूर्ति में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए दुलाल भुईयां ने तत्काल संबंधित ठेकेदार रविंद्र गुप्ता, जो डिमना के निवासी हैं, से दूरभाष पर बातचीत की। बातचीत के दौरान ठेकेदार रविंद्र गुप्ता ने दो दिनों के भीतर सभी मजदूरों का बकाया भुगतान करने का आश्वासन दिया। इस संबंध में पैटीदार बिनोद गोराई का भी नाम सामने आया है। मजदूरों के प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका भुगतान कर दिया जाएगा। दुलाल भुईयां ने भी मजदूरों को भरोसा दिलाया कि यदि तय समय में भुगतान नहीं किया गया तो मामले को आगे उठाकर मजदूरों को न्याय दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान मजदूरों में फूलचंद महतो, सूर्या सहिस, राजीव कुमार महतो, लालचंद महाली, जागरण कालिंदी, रतिलाल कालिंदी और विजय कालिंदी सहित अन्य मजदूर मौजूद थे। बैठक में झारखंड मजदूर यूनियन के मजदूर नेता कमल राम यादव, कुंज बिभार, मन्नू मंडल, जोलेश भुईयां, सदानंद टोपनो सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।


