संताल एक्सप्रेस संवाददाता
उधवा- राधानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत उत्तर पियारपुर पंचायत के दरबेस हाजी टोला गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 5 वर्षीय किशोर की मौत हो गई. मृतक की पहचान मुख्तार शेख के पुत्र रियाज शेख उम्र 5 वर्ष के रूप में हुई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार रियाज शेख सड़क किनारे खेल रहा था. इसी दौरान गंगा नदी से सफेद बालू (ईंट बनाने में उपयोग होने वाले)लोड कर ईंट भट्ठा की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर उसे अपनी चपेट में ले लिया.हादसे में बालक गंभीर रूप से घायल हो गया.परिजन आनन फानन में घायल बालक को इलाज के लिए राजमहल अनुमंडल अस्पताल ले जा रहे थे. लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. बताया जा रहा है कि उक्त ट्रैक्टर आसपास के गांव के रॉबी शेख का है. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है और गांव में मातम का माहौल है. समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में परिजनों द्वारा राधानगर थाना में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है.
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


