चौमूं इलाके में बुधवार तड़के थार ने मारी तीन बाइकों को टक्कर
जयपुर । जयपुर जिले के चौमूं इलाके में बुधवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा एनएच-52 पर रामपुरा पुलिया के पास सुबह करीब 3 बजे हुआ, जब एक तेज रफ्तार थार गाड़ी ने तीन बाइकों को टक्कर मार दी।
पुलिस के अनुसार, मृतकों में एक महिला भी शामिल है। सभी लोग जयपुर के करधनी थाना क्षेत्र के निवासी थे और खाटूश्यामजी के दर्शन कर घर लौट रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए। घटना के संबंध में चौमूं थाना प्रभारी प्रदीप शर्मा ने बताया कि सभी घायलों को पहले चौमूं अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत के कारण उन्हें एसएमएस अस्पताल, जयपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान एक महिला सहित तीन लोगों ने दम तोड़ दिया।
सड़क हादसे की चपेट में आए सातों लोग एक ही परिवार के सदस्य बताए गए हैं। मृतकों की पहचान वीरेंद्र श्रीवास्तव (55) निवासी बनारस (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी वैद्यजी का चौराहा, जयपुर, सुनील श्रीवास्तव (50) पुत्र वीरेंद्र श्रीवास्तव, निवासी बनारस (उत्तर प्रदेश), लक्की श्रीवास्तव (30) पुत्र इंद्रप्रकाश श्रीवास्तव, निवासी ब्रजवाड़ी कॉलोनी, जयपुर और श्वेता श्रीवास्तव (26) पत्नी लक्की श्रीवास्तव, निवासी ब्रजवाड़ी कॉलोनी, जयपुर के तौर पर हुई है।
घायलों में अविनाश (30) पुत्र विजय बहादुर, रौनक (3) पुत्र अविनाश और संगीता, पत्नी वीरेंद्र सिंह शामिल हैं। सभी का एसएमएस अस्पताल में इलाज जारी है। थाना पुलिस ने मौके से थार वाहन को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश की जा रही है। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया है। पुलिस ने शवों का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।


