जिले के एथलीट परमा हांसदा, आयुष कुमार ने स्वर्ण एवं एमानुएल किस्कू,काजल कुमारी ने रजत पदक जीत जिले को गौरवान्वित किया
संताल एक्सप्रेस संवाददाता
साहिबगंज – 22-24 सितंबर तक आयोजित 37वीं पूर्वी क्षेत्र जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता पटना के अंतिम दिन जिले में खेल विभाग द्वारा सिदो कान्हु स्टेडियम में संचालित आवासीय बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र साहिबगंज के ट्रेनी आयुष कुमार ने बालक अंडर 14 वर्ष आयु वर्ग के ट्रायथलान ग्रुप ए में 2308 अंकों साथ स्वर्ण पदक जीता, एवं राज्य को उपविजेता बनाने में अपनी महती भूमिका निभाई.वहीं बारनो दास पश्चिम बंगाल 2045 अंकों के साथ दूसरे एवं आदित्य राज बिहार 2038 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे.वहीं चंदन रजवार बालक अंडर 18 पेंटाथलन में छठे स्थान पर रहे.
ज्ञातव्य हो कि जिले के कुल 11 प्रतिभागियों इस प्रतियोगिता में शामिल हुए थे.इस प्रतियोगिता में झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, उड़ीसा, असम, मिजोरम मणिपुर, त्रिपुरा मेघालय, सिक्किम, नागालैंड अरुणाचल प्रदेश, अंडमान एवं निकोबार की टीम भाग ली थी.जिले के विजेता एथलीट आयुष कुमार,परमा हांसदा, एमानुएल किस्कू एवं काजल कुमारी को उपायुक्त श्री दीपक कुमार दुबे, उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, परियोजना निदेशक संजय कुमार, जिला खेल पदाधिकारी नयन कुमार,जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष राजेश यादव,सचिव माधव चंद्र घोष,कल्याण श्रीवास्तव, ओम तत्सत, कोच योगेश यादव, अशोक साहनी, निमाई चौधरी समेत जिले के खेल प्रेमियों ने बधाई दी.


