संताल एक्सप्रेस संवाददाता
राजमहल-राजमहल अनुमंडल क्षेत्र के घाट जमनी पंचायत के घाट सेलमपुर गांव में पिछले 52 दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित है. गांव का 16 केवी का ट्रांसफॉर्मर जल जाने के बाद अब तक उसे बदला नहीं गया है. इससे करीब 35-40 घरों के लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं. सोमवार को ग्रामीणों ने जले ट्रांसफॉर्मर के पास खड़े होकर विभाग के प्रति नाराजगी जतायी.
16 अगस्त से बंद है बिजली
ग्रामीणों के अनुसार 16 अगस्त को सुबह करीब 11 बजे अचानक गांव की बिजली आपूर्ति बंद हो गयी. सूचना मिलने पर बिजली विभाग के मिस्त्री मौके पर पहुंचे और जांच के बाद ट्रांसफॉर्मर जलने की जानकारी दी. इसके बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग के प्रमंडल कार्यालय में लिखित आवेदन देकर समस्या से अवगत कराया.
63 केवी का ट्रांसफॉर्मर लगाने की मांग
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में लगे विद्युत तार भी काफी जर्जर हो चुके हैं. उपभोक्ताओं की संख्या और बिजली लोड बढ़ने के कारण उन्होंने 16 केवी के स्थान पर 63 केवी का ट्रांसफॉर्मर लगाने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि शिकायत के बावजूद अब तक बिजली बहाल नहीं की गयी है.
बच्चों की पढ़ाई प्रभावित, पेयजल संकट
बिजली नहीं रहने से गांव में रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित है. बच्चे रात में मोमबत्ती और लालटेन के सहारे पढ़ाई करने को मजबूर हैं. पंखा, फ्रिज, टीवी समेत अन्य बिजली उपकरण बंद पड़े हैं. पानी का मोटर नहीं चलने से पेयजल की समस्या भी बढ़ गयी है.ग्रामीणों ने बताया कि बारिश और बाढ़ का पानी आसपास जमा है. रात में बिजली नहीं रहने के कारण गांव में अंधेरा छाया रहता है. ऐसे में आने-जाने के दौरान सांप और बिच्छू का डर भी बना रहता है.
जल्द बिजली बहाल करने की मांग
ग्रामीण संतोष मंडल, वार्ड सदस्य संजय मंडल, गिरधारी मंडल, झंकन मंडल, दिलीप मंडल, घिसु मंडल, राजेश मंडल, नरेश मंडल, बहादुर मंडल, लालू वेवा, मंजू देवी, सुजाता देवी, गुलोदा देवी और अंजू देवी समेत अन्य ने जल्द बिजली बहाल करने की मांग की है.बिजली विभाग के जेई नील गगन ने कहा कि ट्रांसफॉर्मर जलने की सूचना मिली है. जल्द ही नया ट्रांसफॉर्मर लगाकर गांव में बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी.


