रांची । झारखंड में मानसून की रफ्तार अब भी सामान्य से पीछे चल रही है। राज्य में एक जून से 28 जुलाई तक सामान्य 478.3 मिलीमीटर के मुकाबले 352.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य से 27 प्रतिशत कम है। यह जानकारी मौसम विभाग ने मंगलवार को जारी रिपोर्ट में दी। विभाग के अनुसार, राज्य के 24 जिलों में केवल पश्चिमी सिंहभूम में ही सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई है। जिले में सामान्य 461.9 मिलीमीटर के मुकाबले 534 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य से 16 प्रतिशत अधिक है। इसके बाद सरायकेला-खरसावां में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई, जहां सामान्य 470.2 मिलीमीटर के मुकाबले 464.2 मिलीमीटर बारिश हुई। यह सामान्य से मात्र एक प्रतिशत कम है।
इसके अलावा पूर्वी सिंहभूम, रांची और रामगढ़ में भी अपेक्षाकृत अच्छी वर्षा हुई है। इन जिलों में सामान्य से क्रमशः 13, 17 और 12 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। हालांकि राज्य के अधिकांश अन्य जिलों में वर्षा का आंकड़ा सामान्य से काफी कम बना हुआ है।मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड में पूरे मानसून सीजन के दौरान औसतन लगभग 1,200 मिलीमीटर वर्षा होती है। इसके मुकाबले अब तक लगभग एक-तिहाई बारिश ही दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक 167.2 मिलीमीटर वर्षा पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी में रिकॉर्ड की गई। वहीं, इस अवधि में सबसे अधिक तापमान बोकारो में 33.1 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान लातेहार में 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार सुबह से रुक-रुक कर पूरे दिन बारिश होती रही। लगातार बारिश के कारण लोगों को आवागमन और दैनिक कार्यों में कुछ परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, वर्षा से मौसम सुहावना बना रहा और उमस से भी लोगों को राहत मिली। मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार को रांची में अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री और न्यूनतम 22.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम 33 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 32.6 डिग्री और न्यूनतम 24.2 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 31.1 डिग्री और न्यूनतम 24.5 डिग्री, जबकि चाईबासा में अधिकतम 31.8 डिग्री और न्यूनतम 24.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।


