रांची । झारखंड में कोरोना धीरे-धीरे पांव पसारने लगा है। आंकड़ों के अनुसार, राज्य में अब तक कोरोना के कुल मामले बढ़कर 11 हो गए हैं। रांची में सबसे अधिक चार एक्टिव संक्रमित हैं। रांची में हर दिन कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं। अस्पतालों में भर्ती मरीज भी पॉजिटिव मिले हैं, जिनको अन्य मरीजों से अलग कर इलाज किया जा रहा है। रिम्स में भर्ती एक कोरोना संक्रमित गंभीर स्थिति में है। लंग्स पूरी तरह संक्रमित हो चुका है। रांची के सिविल सर्जन के अनुसार, सीएचसी पीएचसी की जांच में एसिंप्टोमेटिक लोगों में भी जांच की पुष्टि हुई है।हालांकि, बड़ी संख्या में कोरोना से मिलते-जुलते लक्षण के साथ मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं।

———————————————————————————————-
नई दिल्ली । देश में कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। एक्टिव केसों की संख्या 3976 पहुंच गई। स्वास्थ्य विभाग की वेबसाइट के मुताबिक 10 दिन में 15 गुना मामले बढ़े हैं। केरल में सबसे ज्यादा 1435 केस हैं। महाराष्ट्र एक्टिव मामलों के मामले में दूसरे नंबर पर है। यहां 506 मरीज हैं। कोरोना से जान गंवाने वालों की संख्या 34 पहुंच गई है। बीते 24 घंटे में 6 मौतें हुई हैं। सोमवार को अहमदाबाद में 18 साल की गर्भवती लडक़ी और 47 साल की महिला की कोरोना से जान गई। इससे पहले रविवार को दिल्ली में 22 साल की लडक़ी और तमिलनाडु में 25 साल के लडक़े की कोरोना से मौत हुई थी। लगातार बढ़ते केसों के बीच कर्नाटक सरकार ने पब्लिक एडवाइजरी जारी की है। इसमें लोगों से भीड़-भाड़ वाली जगहों पर मास्क लगाने, शारीरिक दूरी बनाए रखने और स्वच्छता का खास ध्यान रखने की अपील की। बुखार, खांसी, सीने में दर्द या सांस लेने में दिक्कत होने पर तुरंत जांच कराने को कहा है। राज्य में 253 एक्टिव केस हैं। कोरोना से निपटने के लिए तैयारियां पूरी केंद्रीय स्वास्थ्य और आयुष राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने कहा- स्वास्थ्य विभाग और आयुष मंत्रालय पूरी तरह से सतर्क हैं। सभी राज्यों के हालात पर नजर रख रहे हैं। हमने संबंधित सचिवों और मंत्रियों से बातचीत की है। उन्होंने आगे कहा कि पिछली कोविड लहरों के दौरान बने ऑक्सीजन प्लांट, आईसीयू बेड इत्यादि की समीक्षा हो चुकी है। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयारियां जारी हैं।



