गुरुग्राम । गुरुग्राम में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां यातायात पुलिस ने नियमित जांच के दौरान एक ऐसी मोटरसाइकिल पकड़ी, जिस पर कुल 113 चालान लंबित मिले। इन चालानों की कुल जुर्माना राशि 10 लाख 68 हजार 500 रुपये है। खास बात यह है कि बाइक की मौजूदा कीमत करीब 90 हजार से 1 लाख रुपये के आसपास बताई जा रही है।
मामला 16 सितंबर 2026 का है। गुरुग्राम यातायात पुलिस की टीम एमडीआई चौक पर वाहनों की जांच कर रही थी। जोनल अधिकारी एएसआई प्रवीण कुमार अपनी टीम के साथ वाहन जांच अभियान में तैनात थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल को रोका गया और चालक से वाहन के जरूरी दस्तावेज मांगे गए। चालक दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस ने वाहन के रिकॉर्ड की जांच की तो पता चला कि मोटरसाइकिल पर मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की विभिन्न धाराओं के तहत 113 चालान लंबित हैं। इनकी कुल राशि 10 लाख 68 हजार 500 रुपये है। पुलिस के अनुसार, ज्यादातर चालान बिना हेलमेट, बिना प्रदूषण प्रमाण-पत्र, बिना इंश्योरेंस और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन से संबंधित हैं।
इतनी बड़ी संख्या में लंबित चालान मिलने के बाद पुलिस ने मोटरसाइकिल को जब्त कर निर्धारित पार्किंग में खड़ा करा दिया। गुरुग्राम यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से वैध इंश्योरेंस, प्रदूषण प्रमाण-पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज रखने तथा लंबित चालानों का समय पर भुगतान करने की अपील की है।


