रांची । स्नातक प्रशिक्षित शिक्षक संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2016 नियुक्ति से जुड़े मीना कुमारी के मामले में राज्य सरकार और जेएसएससी की अपील (एलपीए) पर झारखंड उच्च न्यायालय में बुधवार को सुनवाई हुई। मामले में जेएसएससी की ओर से बहस पूरी हो गई। मामले में महाधिवक्ता रोहित राय ने सरकार की ओर से बहस के लिए समय की मांग की। उच्च न्यायालय ने राज्य सरकार का पक्ष रखने के लिए 30 सितंबर का समय दिया। उच्च न्यायालय ने इससे संबंधित अवमानना याचिका के सुनवाई पर रोक जारी रखी है। उच्च न्यायालय के चीफ जस्टिस एमएस सोनक और जस्टिस राजेश शंकर की खंडपीठ ने कहा कि मामले में राज्य सरकार एवं जेएसएससी यदि कुछ शपथ पत्र दाखिल करना चाहती है तो 24 सितंबर तक वह दाखिल कर सकती है कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 30 सितंबर को निर्धारित की है। प्रतिवादियों (अभ्यार्थियों) की ओर से अधिवक्ता शेखर प्रसाद गुप्ता सहित अन्य ने पक्ष रखा। जेएसएससी की ओर से अधिवक्ता संजय पिपरावाल ने पक्ष रखा। वहीं सरकार की ओर से महाधिवक्ता रोहित सिन्हा ने पक्ष रखा। उल्लेखनीय है कि प्रतिवादियों की ओर से न्यायालय को बताया गया था कि उक्त नियुक्ति परीक्षा में सरकार की ओर से 17786 पदों के विरुद्ध मात्र 12046 भरे गए हैं। उच्च न्यायालय की एकल पीठ ने प्रार्थियों के प्रतिवेदन के आधार पर योग्य एवं अर्हता पूरी करने वाले 2034 अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति करने का निर्देश दिया था। उल्लेखनीय है कि डोरंडा स्थित पुराने उच्च न्यायालय बिल्डिंग में वन मैन फैक्ट फाइंडिंग कमीशन के अध्यक्ष जस्टिस गौतम कुमार चौधरी की अदालत में शिक्षक नियुक्ति से जुड़े (स्नातक प्रशिक्षित शिक्षक संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2016) मामले की सुनवाई चल रही है।
———————————————————————————————–
कोर्ट में जवाब के बाद तय होगी जेटेट की परीक्षा तिथि, मॉडल प्रश्न पत्र भी होगा जारी
रांची । झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) की अगली परीक्षा तिथि अभी तय नहीं हुई है।शोधार्थी चंदन कुमार ने बताया, अगले सप्ताह अदालत में मामले पर जवाब दाखिल होने के बाद परीक्षा की तारीख तय की जाएगी।जैक सचिव से हुई बातचीत में उन्हें बताया गया कि परीक्षा तिथि के साथ मॉडल प्रश्न पत्र भी जारी किया जाएगा। ऐसे में 11 अक्टूबर की तारीख को परीक्षा होने की संभावना फिलहाल कम है।झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष सह शोधार्थी चंदन कुमार ने बताया कि परीक्षा की तारीख अभी अंतिम रूप से तय नहीं हुई है।उन्होंने बताया कि अगले सप्ताह अदालत में इस मामले में जवाब दाखिल किया जाना है।इसके बाद ही परीक्षा की अगली तिथि तय होने की संभावना है।चंदन ने बताया कि जैक सचिव सच्चिदानंदन तिग्गा से हुई बातचीत में अगले सप्ताह परीक्षा की तिथि और मॉडल प्रश्न पत्र एक साथ जारी करने की बात कही गई है।जो 11 अक्टूबर की तारीख को परीक्षा होने की खबरें सामने आ रही थीं, लेकिन फिलहाल इस तारीख पर परीक्षा होना संभव नहीं दिख रहा है।उन्होंने कहा कि अदालत की प्रक्रिया और आगामी त्योहारों को देखते हुए परीक्षा में देरी की संभावना बनी हुई है। अभ्यर्थियों की ओर से मॉडल प्रश्न पत्र जारी करने की मांग भी की गई थी, जिस पर समय पर मॉडल प्रश्न पत्र जारी करने का आश्वासन मिला है।


