जयपुर । राजस्थान के लोकप्रिय पर्यटन स्थलों से अलग बूंदी शहर अपनी ऐतिहासिक विरासत, शांत वातावरण और प्राकृतिक खूबसूरती के कारण खास पहचान रखता है। नीली दीवारों वाले पारंपरिक मकान, पुरानी हवेलियां, भव्य महल और पत्थरों से तराशी गई बावड़ियां बूंदी की ऐतिहासिक समृद्धि को दर्शाती हैं। अरावली की पहाड़ियों के बीच बसा यह शहर अक्टूबर के सुहावने मौसम में घूमने के लिए बेहतर विकल्प बन जाता है। कम बजट में तीन दिन की यात्रा की योजना बनाकर इस शहर को आसानी से देखा जा सकता है। बूंदी पहुंचने के बाद पहले दिन पुराने शहर और नवल सागर झील के आसपास ठहरने का विकल्प चुना जा सकता है। यहां कई पारंपरिक हवेलियों को हेरिटेज होमस्टे में बदला गया है, जहां ठहरकर राजस्थानी स्थापत्य का अनुभव लिया जा सकता है। इसके बाद अरावली की पहाड़ी पर स्थित तारागढ़ किले और गढ़ महल की सैर की जा सकती है। गढ़ महल की चित्रशाला अपनी बारीक भित्तिचित्रों और प्राकृतिक रंगों से बनी कलाकृतियों के लिए प्रसिद्ध है।
शाम को नवल सागर झील के किनारे बैठकर डूबते सूरज और पानी में दिखाई देती महल की परछाईं का आनंद लिया जा सकता है। दूसरे दिन बूंदी की ऐतिहासिक बावड़ियों और अन्य धरोहरों को देखा जा सकता है। रानी जी की बावड़ी यहां के प्रमुख आकर्षणों में शामिल है। गहराई तक जाती सीढ़ियां और पत्थरों पर की गई नक्काशी प्राचीन स्थापत्य कला की सुंदरता को दर्शाती है। इसके बाद धाभाई कुंड, चौरासी खंभों की छतरी और जैत सागर झील की सैर की जा सकती है। शाम को स्थानीय बाजारों में घूमकर राजस्थानी व्यंजनों और स्ट्रीट फूड का स्वाद लिया जा सकता है। तीसरे दिन बूंदी से करीब 35 किलोमीटर दूर भीमलत महादेव जलप्रपात और गरड़दा की प्राचीन शैल चित्रकला देखी जा सकती है।
अक्टूबर में आसपास की हरियाली और झरने का प्राकृतिक दृश्य आकर्षित करता है। इतिहास और पुरातत्व में रुचि रखने वालों के लिए शैल चित्र विशेष महत्व रखते हैं। बूंदी की यात्रा सीमित बजट में भी की जा सकती है। यहां करीब 600 से 1,000 रुपये प्रतिदिन में ठहरने की व्यवस्था मिल सकती है, जबकि स्थानीय भ्रमण के लिए स्कूटी लगभग 400 रुपये प्रतिदिन में किराये पर ली जा सकती है। भोजन पर प्रतिदिन करीब 400 से 500 रुपये खर्च हो सकते हैं। बूंदी रेलवे स्टेशन के अलावा कोटा जंक्शन से भी सड़क मार्ग के जरिए यहां पहुंचा जा सकता है। हवाई यात्रा करने वालों के लिए जयपुर का सांगानेर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा प्रमुख विकल्प है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


