पश्चिमी सिंहभूम । पश्चिमी सिंहभूम जिले के सदर थाना क्षेत्र के न्यू कॉलोनी नीमडीह में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची बिजली विभाग की तकनीकी टीम के साथ मारपीट और बदसलूकी का मामला सामने आया है। घटना को लेकर स्मार्ट मीटरिंग का काम कर रही बंटेक इंडिया कंपनी के साइट इंचार्ज जीतेंद्र यादव ने सोमवार देर रात सदर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने ट्रैक्टर व्यवसायी मनीष राम के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दर्ज शिकायत के अनुसार झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड ने बंटेक इंडिया कंपनी को स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य सौंपा है। इसी कार्य के तहत जीतेंद्र यादव अपने सहयोगी अभिनंदन गुप्ता और अजय सिंह के साथ सोमवार दोपहर न्यू कॉलोनी नीमडीह स्थित मनीष राम के आवास पर स्मार्ट मीटर लगाने पहुंचे थे।
शिकायत में बताया गया है कि घर से बाहर निकले एक व्यक्ति को टीम ने स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया की जानकारी दी। मौखिक सहमति मिलने के बाद कर्मचारियों ने पुराना बिजली मीटर हटाकर नया स्मार्ट मीटर लगाने का काम शुरू कर दिया।
आरोप है कि इसी दौरान मनीष राम मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों से पूछताछ की। टीम ने उन्हें स्मार्ट मीटर लगाने के संबंध में जानकारी दी, जिसके बाद वह वहां से चले गए। कुछ देर बाद दोबारा लौटकर उन्होंने कर्मचारियों से अथॉरिटी लेटर दिखाने को कहा।
शिकायतकर्ता के अनुसार वैध अथॉरिटी लेटर दिखाए जाने के बावजूद मनीष राम कथित तौर पर उग्र हो गए और गाली-गलौज करते हुए काम बंद करने को कहा।
आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध करते हुए उन्होंने कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे अभिनंदन गुप्ता और अजय सिंह के साथ भी हाथापाई करने का आरोप लगाया गया है।
शिकायत में यह भी आरोप है कि घटना की सूचना पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारियों को देने पर महिला से छेड़छाड़ के झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी गई।
घटना के बाद बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता गौतम राणा के साथ एजेंसी के साइट इंचार्ज थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


