रांगा/साहिबगंज- साहिबगंज जिले के रांगा थाना क्षेत्र में गुरुवार की रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई. जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा तलबड़िया के केशरो गांव के पास केशरो मोड़ पर हुआ. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रांगा की ओर से सब्जी, फल और यात्रियों को लेकर आ रहे एक टोटो को हाईवा (पंजीकरण संख्या WB57E 9069) ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि टोटो हाईवा के नीचे दब गया और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
टोटो हाईवा के नीचे दबा, जेसीबी से निकाले गए घायल
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. हादसे की सूचना मिलते ही रांगा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. स्थानीय ग्रामीणों की मदद से जेसीबी और लोडर की सहायता लेकर हाईवा के नीचे फंसे टोटो और घायलों को बाहर निकाला गया. इसके बाद घायलों को इलाज के लिए बरहरवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया. गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किए जाने की जानकारी मिली है.
हादसे में तीन की मौत, दो घायल रेफर
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे में साहिल शेख (18), पिता उजिर शेख, निवासी मोगलपाड़ा, क्यूम खान (27) पिता इरफान खान, निवासी मोगलपाड़ा, और किशोर साहा (25) निवासी पतना चौक की मौत हो गई.
वहीं सूरज खान (17), पिता सोहिल खान, निवासी मोगलपाड़ा और आहिल खान (12) गंभीर रूप से घायल बताए गए हैं.दोनों को अस्पताल से रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है.बताया जा रहा है कि टोटो में बच्चों समेत कुल पांच लोग सवार थे.
हादसे के बाद ग्रामीणों का आक्रोश, सड़क जाम
भीषण हादसे के बाद घटनास्थल पर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई. मृतकों के परिजनों और आक्रोशित ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में जुटकर सड़क जाम कर दिया. हादसे के कारण मार्ग पर आवागमन प्रभावित होने की सूचना है. पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने में जुटी है. फिलहाल हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.


