संताल एक्सप्रेस संवाददाता
साहिबगंज-साहिबगंज जिले के बरहरवा थाना क्षेत्र निवासी गौतम दास को डिजिटल एसरेस्ट कर उससे एक करोड़ 20 लाख की साइबर ठगी मामले का पुलिस ने उद्भेदन करते हुए 03 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. पुलिस लाइन स्थित एसपी कार्यालय सभागार में बुधवार को डीएसपी रविकांत साव ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि अज्ञात साइबर अपराधियों ने गौतम दास को वाट्सअप कॉल कर स्वयं को सीबीआई बताते हुए मानसिक भय दिखाया था. अपराधियों ने वादी को अश्लील वीडियो एवं उसके विरुद्ध एफआईआर दर्ज होने का झूठा डर दिखा कर वादी से एक करोड़ बीस लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से विभिन्न बैंक खातों में स्थानांतरित करवा लिया था. इस सम्बंध में 31 अगस्त 2026 को बरहरवा थाना में कांड संख्या 218/26 दर्ज किया गया था.कांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने डीएसपी सह साइबर सेल नोडल पदाधिकारी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था. एसआईटी ने बैंक स्टेटमेंट एवं तकनीकी शाखा के सहयोग से कार्रवाई करते हुए पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर क्षेत्र के रहने वाले अंतर राज्य संगठित साइबर गिरोह के तीन अपराधियों को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों में पश्चिम बंगाल वर्द्धमान, दुर्गापुर, बॉम्बे कॉलोनी निवासी रंजीत बास्की, एनटीपीसी विद्यानगर, आईटीआई, गोसाईं टोला निवासी आसित महतो एवं विधाननगर, हुरको दुर्गापुर निवासी धीरज हारी शामिल है. डीएसपी ने बताया कि इस पूरी वारदात को अंजाम देने में 7-8 लोग शामिल थे. पश्चिम बंगाल, दिल्ली, यूपी व हैदराबाद से गिरोह ऑपरेट हो रहा था. तीनों को दुर्गापुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है. अभी तक इस मामले में 31 लाख रुपये की बरामदगी की जा चुकी है.पूरी रकम की ठगी में 4 हजार अकाउंट का इस्तेमाल किया गया. जबकि 5500 बार ट्रांजेक्शन किये गए. वारदात में शामिल अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.छापामारी दल में बरहरवा पुलिस निरीक्षक संतोष कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अनिल कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सत्यवान कुंभकार व अन्य शामिल थे.


