पलामू । पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडल अंतर्गत बीडी रेलखंड पर मूसलाधार बारिश के कारण मोहम्मदगंज और कोशिआरा स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक पर पानी भर गया, जिससे डाउन लाइन पर दो घंटे तक रेल परिचालन प्रभावित हो गया है। सुरक्षा के मद्देनजर रेलवे ने डाउन लाइन पर परिचालन बंद रखा, जबकि अप लाइन से ट्रेनों का परिचालन जारी रहा। रेलवे के ट्रैफिक इंस्पेक्टर अजय कुमार ने मंगलवार काे बताया कि डाउन लाइन पर अचानक पानी आ जाने से ट्रेनों का परिचालन बंद रखने का निर्णय लिया गया। अप लाइन से परिचालन जारी रहा। पानी का स्तर कम होने में दो घंटे लगे। ऐहतियातन इस अवधि तक डाउन लाइन पर परिचालन बंद रखकर स्थिति पर नजर रखी गयी। स्थिति सामान्य होते ही सुबह 10 बजे से परिचालन सामान्य कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि रेलवे लाइन के किनारे कुछ दूरी पर स्थित आहार का पिंड पानी के तेज दबाव के कारण टूट गया है। पिंड टूटते से तेज बहाव के साथ भारी मात्रा में पानी आने लगा और रेलवे ट्रैक पर फैल गया। रेल सुरक्षा को देखते हुए डाउन लाइन पर तत्काल परिचालन रोकने का निर्णय लिया गया। इधर, डालटनगंज के यातायात निरीक्षक अनिल कुमार तिवारी ने जानकारी दी कि सुबह 8 से 10 बजे तक डाउन लाइन पर परिचालन को रोका गया था। मालगाड़ी सहित कुछ ट्रेनाें की आवाजाही प्रभावित हुई। स्थिति सामान्य है।


