17.05 ग्राम ब्राउन शुगर और 1.04 लाख रुपये नकद बरामद, मोहनपुर पुलिस की कार्रवाई
देवघर । नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में मोहनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के आरोप में सात लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से 17.05 ग्राम ब्राउन शुगर और 1,04,990 रुपये नकद बरामद किए हैं। कार्रवाई 8 सितंबर 2026 को जमुनिया जंगल के पास स्थित यात्री शेड में की गई। पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि जमुनिया यात्री शेड के पास कुछ लोग ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के लिए जुटे हैं। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर, देवघर के नेतृत्व में छापामारी दल गठित किया गया। टीम ने यात्री शेड में छापेमारी कर सात लोगों को पकड़ा। तलाशी के दौरान ब्राउन शुगर और नकदी बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपितों में घुठियाबड़ा असहना निवासी 50 वर्षीय हरि मंडल उर्फ हरिहर मंडल, चकरमा निवासी 24 वर्षीय गौतम झा, हिंडोलावरण निवासी 22 वर्षीय राहुल कुमार, हिंडोलावरण निवासी 21 वर्षीय दीपु यादव, घुठियाबड़ा असहना निवासी 25 वर्षीय लखन मरांडी, चौपा निवासी 30 वर्षीय रंधीर यादव और ढाबी निवासी 21 वर्षीय विकास कुमार शामिल हैं।
दो मामलों में आपराधिक इतिहास
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपितों में से संबंधित एक आरोपित का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। इसमें कुंडा थाना कांड संख्या 85/2025, दिनांक 20 अप्रैल 2025, धारा 109(1)/308(5) बीएनएस-2023 और 27 आर्म्स एक्ट तथा मोहनपुर थाना कांड संख्या 06/2026, दिनांक 10 जनवरी 2026, धारा 21(बी) एनडीपीएस एक्ट का मामला शामिल है।
कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर देवघर कुलदीप कुमार, मोहनपुर थाना प्रभारी संदीप कृष्णा, सहायक अवर निरीक्षक राकेश कुमार रंज, आरक्षी 874 राम कुमार साह, आरक्षी 173 लक्ष्मण गोप, मोहनपुर थाना रिजर्व गार्ड के जवान और थाना में उपलब्ध चौकीदार शामिल रहे।


