जामताड़ा। झारखंड अकादमिक परिषद की मैट्रिक परीक्षा में मिहिजाम की छात्रा आसिया परवीन ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 97.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जामताड़ा जिले में शीर्ष स्थान हासिल किया है। प्रोजेक्ट गर्ल्स हाई स्कूल की इस होनहार छात्रा की सफलता से पूरे इलाके में उत्सव जैसा माहौल है। अमोई निवासी आसिया साधारण परिवार से आती हैं, लेकिन उनकी मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण ने उन्हें खास पहचान दिलाई है। उनके पिता अनवर हुसैन चप्पल का छोटा व्यवसाय करते हैं, जबकि माता साहिना खातून गृहिणी हैं। सीमित साधनों के बावजूद परिवार ने हमेशा शिक्षा को प्राथमिकता दी और आसिया को निरंतर प्रोत्साहित किया। संयुक्त परिवार में पली-बढ़ी आसिया को हर सदस्य का सहयोग मिला। उनके बड़े भाई चित्तरंजन रेल इंजन कारखाना (चिरेका) में अप्रेंटिस कर रहे हैं, जो उनके लिए प्रेरणा बने।
वहीं, उनकी चचेरी बहन आबिदा परवीन ने भी 83 प्रतिशत अंक लाकर परीक्षा पास की है, जिससे परिवार की खुशी और बढ़ गई है। आसिया ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और नियमित अभ्यास को दिया। उन्होंने बताया कि सेल्फ स्टडी और ऑनलाइन पढ़ाई ने उन्हें बेहतर तैयारी में मदद की। उनका कहना है कि स्पष्ट लक्ष्य और निरंतर मेहनत से कोई भी छात्र सफलता प्राप्त कर सकता है। आसिया का सपना आईएएस अधिकारी बनकर देश की सेवा करना है। खास बात यह है कि पिछले वर्ष भी उनके पड़ोस की आयशा परवीन जिला टॉपर बनी थीं। लगातार दो वर्षों से एक ही मोहल्ले से टॉपर निकलना क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गया है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक अपूर्व मंडल ने भी आसिया के घर पहुंचकर उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


