नई दिल्ली । जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में छात्राओं के यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजाम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इसी संबंध में भाजपा की महिला सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल आज दोपहर करीब एक बजे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात करेगा। यह जानकारी पार्टी के एक नेता ने दी। सूत्रों के अनुसार, प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रपति के समक्ष इस मामले को उठाते हुए कार्रवाई की मांग कर सकता है। इससे पहले भाजपा महिला मोर्चा ने 12 अक्टूबर को इस मुद्दे पर दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।
अंगोमचा बिमोल अकोइजाम मणिपुर की इनर मणिपुर लोकसभा सीट से कांग्रेस सांसद हैं। वह जेएनयू में प्रोफेसर भी रह चुके हैं। विश्वविद्यालय में कई छात्राओं की ओर से उनके खिलाफ यौन उत्पीड़न से संबंधित शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। इन शिकायतों की जांच विश्वविद्यालय की आंतरिक समिति ने की थी, जिसके बाद 9 अक्टूबर को जेएनयू ने उन्हें सेवा से बर्खास्त कर दिया। दिल्ली पुलिस ने 11 अक्टूबर को प्राप्त शिकायत के आधार पर प्राथमिकी (एफआईआर) भी दर्ज की। वहीं, अकोइजाम ने आरोपों को खारिज करते हुए विश्वविद्यालय की जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। भाजपा की महिला सांसदों का उद्देश्य इस मामले को शीर्ष संवैधानिक पद पर आसीन राष्ट्रपति के समक्ष उठाना है। यह मुलाकात ऐसे समय में हो रही है, जब मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।


