पूर्व मेदिनीपुर । पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अगले एक वर्ष में सरकारी क्षेत्र में एक लाख लोगों को नियुक्त करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि अगले दो वर्षों में नंदीग्राम में सड़क, पेयजल, निकासी व्यवस्था और कामकाज के वातावरण में उल्लेखनीय सुधार किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार रात नंदीग्राम में छह पूजा पंडालों का उद्घाटन करते हुए यह घोषणा की। इस दौरान उन्होंने सभी लोगों को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दीं और कहा कि सभी वर्गों के लोगों की पूजा शांतिपूर्ण और आनंदमय होनी चाहिए।
रोजगार के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि अगले एक वर्ष के भीतर सरकारी क्षेत्र में एक लाख लोगों को नियुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को विभिन्न सामाजिक कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की भी बात कही।
मुख्यमंत्री की विकास संबंधी घोषणा के बीच राज्य के स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने हल्दिया में 50 बिस्तरों वाले ट्रॉमा सेंटर की तैयारियों का निरीक्षण किया। इस ट्रॉमा सेंटर को जून 2027 तक चालू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।


