नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिले 1498 स्मृति चिह्नों और उपहारों की ई-नीलामी 17 सितंबर 2026 से शुरू होगी। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि यह ई-नीलामी का आठवां संस्करण है। नीलामी में देश के अलग-अलग हिस्सों से प्रधानमंत्री को मिले कला, संस्कृति, पारंपरिक शिल्प, धार्मिक परंपराओं और खेलों से जुड़े उपहार शामिल किए गए हैं।
इस बार नीलामी में 50 विशेष ‘हीरो ऑब्जेक्ट्स’ आकर्षण का केंद्र हैं। इनमें भगवान राम की चांदी की प्रतिमा की शुरुआती कीमत 13.50 लाख रुपये, काकतीय कला तोरणम की चांदी की प्रतिकृति की कीमत 9 लाख रुपये और ‘ट्री ऑफ लाइफ’ गोंड कला पेंटिंग की बेस प्राइस 7.50 लाख रुपये रखी गई है। इसके अलावा रथ पर सवार जगन्नाथ परिवार की कलाकृति की शुरुआती कीमत 6 लाख रुपये और 99.99 फीसदी शुद्ध सोने की परत वाली राधा-कृष्ण कलाकृति की बेस प्राइस 5.40 लाख रुपये है।
नीलामी में खेल जगत से जुड़ी वस्तुएं भी शामिल हैं। इससे पहले प्रधानमंत्री को भेंट किए गए ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा के जैवलिन की 2021 में 1.5 करोड़ रुपये की सबसे ऊंची बोली लगी थी। फेंसर सी.ए. भवानी देवी की हस्ताक्षरित तलवार 1.25 करोड़ रुपये और पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता सुमित अंतिल के जैवलिन की बोली 1.002 करोड़ रुपये तक पहुंची थी।
सरकार के मुताबिक 2021 से अब तक सात ई-नीलामियों से 52.19 करोड़ रुपये जुटाए जा चुके हैं। अब तक 6000 से ज्यादा उपहार बिक चुके हैं और करीब 92 हजार बोलियां लगाई गई हैं। नीलामी से प्राप्त पूरी राशि ‘नमामि गंगे’ कार्यक्रम के लिए दी जाती है। इस बार की नीलामी पीएम मेमेंटोज पोर्टल पर होगी और बोली लगाने से पहले लोगों के लिए इन वस्तुओं की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


