संताल एक्सप्रेस
पाकुड़। अंचल के विभिन्न मौजों में बड़े पैमाने पर कथित अवैध पत्थर खनन के मामले की जांच तेज हो गई है। बुधवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी), दुमका की विशेष टीम पाकुड़ पहुंची। डीएसपी स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में टीम ने खनन कार्यालय और अनुमंडल पदाधिकारी के आवासीय कार्यालय पहुंचकर मामले से संबंधित दस्तावेजों की जानकारी ली। इसके बाद टीम अवैध खनन वाले क्षेत्रों के निरीक्षण के लिए रवाना हुई।मामला कसियाडांगा, कान्हूपुर और सिंहगड्डा मौजा से जुड़ा है। आरोप है कि पश्चिम बंगाल के राजग्राम निवासी पत्थर कारोबारी मो. अली खान उर्फ मुतुर्जा और टुटुल खान द्वारा इन क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर अवैध खनन कराया गया। जांच में अवैध खनन से सरकार को करीब 50 करोड़ रुपये के राजस्व नुकसान की बात सामने आई है।मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्व और वर्तमान उपायुक्त के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी साइमन मरांडी के नेतृत्व में संयुक्त जांच टीम गठित की गई थी। टीम ने स्थल निरीक्षण के बाद डीजीपीएस सर्वे कराया था। हाल में खनन विभाग को सौंपी गई सर्वे रिपोर्ट में सिंहगड्डा, कसियाडांगा और कान्हूपुर मौजा में कुल 9.71 एकड़ क्षेत्र में अवैध खनन की पुष्टि होने की बात कही गई है।एसीबी टीम ने जांच के संबंध में फिलहाल कोई जानकारी देने से इनकार किया है। टीम की कार्रवाई के बाद मामले में आगे की तस्वीर स्पष्ट होने की उम्मीद है। वहीं, अब खनन विभाग और प्रशासन की ओर से की जाने वाली कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।


