लखनऊ । भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ बाबा रामदेव की पतंजलि फूड्स लिमिटेड ने विवादित टिप्पणी को लेकर 50 करोड़ रुपये की मानहानि का दावा दायर किया है। दरअसल, बृजभूषण शरण सिंह ने सार्वजनिक मंच से पतंजलि के उत्पादों को लेकर सवाल उठाए थे और कंपनी के ब्रांड को लेकर भी आपत्ति जताई थी। इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच बयानबाजी हुई थी।
मामला अब मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय पहुंच गया है, जहां सुनवाई के दौरान अदालत ने सिंह को अपना पक्ष रखने का अवसर देते हुए अगली सुनवाई के लिए 18 सितंबर की तारीख तय की है। पूरा प्रकरण बृजभूषण शरण सिंह के वर्ष 2022 में दिए उस बयान से जुड़ा है, जिसमें उन्होंने पतंजलि के घी की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए लोगों से घर में गाय या भैंस पालने की अपील की थी। इस बयान के बाद भी बाबा रामदेव और सिंह के बीच सार्वजनिक रूप से विवाद सामने आया था। पतंजलि फूड्स की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता विक्रम मालवीय के अनुसार, बृजभूषण शरण सिंह की टिप्पणी से कंपनी की ब्रांड छवि को नुकसान पहुंचा। कंपनी की ओर से दावा किया गया है कि बयान सार्वजनिक रूप से प्रसारित होने के बाद उसके उत्पादों और प्रतिष्ठा को क्षति पहुंची तथा शेयर मूल्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ा, जिससे कंपनी को आर्थिक नुकसान हुआ। कंपनी ने इसी आधार पर जिला अदालत में 50 करोड़ रुपये की मानहानि का दावा पेश किया था।
मामले की शुरुआती सुनवाई के दौरान बृजभूषण शरण सिंह को नोटिस जारी किए गए और बाद में मामला ट्रायल के चरण में पहुंचा। सुनवाई के दौरान इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को लेकर विवाद सामने आया, जिसके बाद मामला उच्च न्यायालय पहुंचा। उच्च न्यायालय में कंपनी की ओर से इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों से संबंधित दस्तावेज और उच्चतम न्यायालय के पूर्व आदेशों का हवाला पेश किया गया। पिछली सुनवाई में अदालत ने सिंह से मामले में जवाब मांगा था। कंपनी की ओर से बताया गया कि पतंजलि फूड्स लिमिटेड का कार्यालय इंदौर के विजय नगर क्षेत्र में स्थित है और कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर भी यही पता दर्ज है। इसी आधार पर मानहानि का मामला इंदौर में दायर किए जाने की बात कही गई है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


