जमशेदपुर । जमशेदपुर के चर्चित कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड से जुड़े एक शूटर को धनबाद पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया है । मुठभेड़ की घटना बुधवार की शाम धनबाद जिले के निरसा थाना क्षेत्र के हाथबाड़ी मोड़ स्थित आनंद वाटिका हाउसिंग सोसाइटी में हुई. घायल की पहचान निखार सबलोक ह्त्याकांड के सूटर सागर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी सागर उर्फ शिबू पिछले कुछ दिनों से आनंद वाटिका सोसायटी के एक मकान में छिपा हुआ है। सूचना की पुष्टि के बाद धनबाद पुलिस की स्पेशल टीम और निरसा थाना पुलिस ने पूरे परिसर की घेराबंदी कर छापेमारी शुरू की। खुद को घिरता देख अंदर छिपे सागर ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई इस गोलीबारी से पूरा इलाका दहल उठा। पुलिस टीम ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की. दोनों ओर से हुई मुठभेड़ में आरोपी सागर के पैर में गोली लग गई। वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने हिरासत में ले लिया और इलाज के लिए धनबाद के एसएनएमएमसीएच अस्पताल पहुंचाया। वहां पुलिस की कड़ी निगरानी में उसका चल रहा है। पुलिस ने मौके से सागर सिंह के दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार किया है। उनके पास से हथियार व अन्य सामान बरामद किये जाने की बात कही जा रही है।
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है. उनके धनबाद आने का उद्देश्य व किसी अन्य वारदात से उनके कनेक्शन की जानकारी जुटा रही है। मुठभेड़ के बाद पूरे आनंद वाटिका परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गाया है. जिस मकान में सागर छिपा था उसे सील कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। टीम घटनास्थल से गोलियों के खोखे और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र करेगी. पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि जांच में यह भी जानकारी सामने आई है कि घायल सागर सिंह धनबाद में वर्ष 2017 में हुई पूर्व डिप्टी मेयर नीरज हत्या की हत्या में भी शामिल था। पुलिस ने सागर सिंह के दो साथियों को भी अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया है। कुल पांच अपराधियों के धनबाद आने की सूचना थी. दो अन्य फरार हैं. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। एसएसपी ने कहा कि सभी आरोपी पेशेवर अपराधी हैं और धनबाद में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना के तहत पहुंचे थे।


