1710 पीस ऑनरेक्स कफ सिरप और 7200 अल्प्राजोलम टैबलेट जब्त
सरैयाहाट संवाददाता। प्रतिबंधित कफ सिरप और नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सरैयाहाट थाना क्षेत्र के चरकापाथर गांव में छापेमारी कर पुलिस ने 1710 पीस ऑनरेक्स कफ सिरप और 7200 पीस अल्पराज़ॉलम टेबलेट्स आईपी 0.5 एमजी बरामद किए हैं। मामले में हंसडीहा थाना क्षेत्र के मुस्लिम टोला निवासी दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।मामले की जानकारी देते हुए एसडीपीओ नवल किशोर सिंह ने बताया की 23 सितंबर को सूचना मिली थी कि चरकापाथर गांव में एक घर में प्रतिबंधित दवाओं का भंडारण किया गया है। सूचना के सत्यापन के बाद उनके नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने चरकापाथर गांव निवासी इरसाद मियां के घर पर छापेमारी की। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि मकान हंसडीहा थाना क्षेत्र के मुस्लिम टोला निवासी तीन भाइयों को किराये पर दिया गया है। मकान की तलाशी के दौरान पुलिस को घर से प्रतिबंधित ऑनरेक्स कफ सिरप तथा अल्पराज़ॉलम टेबलेट्स मिले। इसके बाद पुलिस ने हंसडीहा के मुस्लिम टोला में भी संबंधित आरोपितों के घर पर छापेमारी की। हालांकि वहां से प्रतिबंधित दवा बरामद नहीं हुई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ 111/2026 बीएनएस की धारा 328(4), 386, 274, 275, 61(2) और एनडीपीएस 8(सी), 21, 22 के तहत मामला दर्ज किया है।
देवघर के मोहनपुर मोहनपुर में भी छापेमारी
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपितों से मिली जानकारी के आधार पर देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के बलैय गांव स्थित एक अपार्टमेंट के कमरे में भी छापेमारी की गई। यहां से ऑनरेक्स कफ सिरप के पांच कार्टन बरामद किए गए। बरामद दवाओं के संबंध में औषधि निरीक्षक, दुमका से जांच कराई गई। पुलिस का कहना है कि दवाओं के भंडारण एवं बिक्री से संबंधित आवश्यक दस्तावेज व अनुमति नहीं पाई गई। इसके बाद सरैयाहाट थाना में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की गई।
दो सगा भाई गिरफ्तार तीसरा भाई फरार
मामले में हंसडीहा थाना क्षेत्र के मुस्लिम टोला निवासी दो युसूफ अंसारी उर्फ युसूफ अंसारी और शमशेर अंसारी उर्फ केलू को गिरफ्तार किया गया है। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। जबकि तीसरा भाई इजराइल अंसारी फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, शमशेर अंसारी का पूर्व से आपराधिक इतिहास भी रहा है। पुलिस पूरे मामले में प्रतिबंधित दवाओं के स्रोत और इसके कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
ब्राउन सुगर मामले में पहले से थी शमशेर की तलाश
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार शमशेर अंसारी उर्फ़ केलु का आपराधिक इतिहास रहा है। वह चोरी और आर्म्स एक्ट के एक मामले में जेल जा चूका है। साथ ही हाल के दिनों में हँसडीहा थाना क्षेत्र में ब्राउन सुगर मामले में उसका नाम सामने आया था, जिसके बाद पुलिस ने उसपर एनडीपीस एक्ट तहत मामला दर्ज किया था, जिसके बाद से पुलिस को उसकी तलाश थी। हँसडीहा थाना में शमशेर के ऊपर कुल पाँच आपराधिक मामले दर्ज है।
फरार इजराइल पहले भी प्रतिबंधित कफ सिरप के साथ जा चूका है जेल
फरार इजराइल अंसारी कफ सिरप का पुराना सौदागर है। 27 मई 2023 को हँसडीहा पुलिस ने हथगढ़ के एक मकान से 5160 बॉटल ओरेनेक्स कफ सिरप बरामद किया था, जिसमें इजराइल का नाम सामने आने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। उस इजराइल की मेडिकल स्टोर का लाइसेंस भी रद्द कर दिया गया था। हालांकि जेल से आने के बाद इजराइल ने नाम बदलकर दूसरा मेडिकल खोल लिया।


