पूर्वी सिंहभूम । पूर्वी सिंहभूम जिले की टाटा-पटमदा मुख्य सड़क पर 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। शुक्रवार शाम बोड़ाम थाना क्षेत्र के पगदा गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की जान चली गई और तीन लोग घायल हो गए। वहीं, शनिवार सुबह हलुदबनी पुलिस कैंप के पास तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से दो बाइकों पर सवार तीन लोग घायल हो गए।
शुक्रवार शाम करीब पौने छह बजे पगदा गांव के पास हुए हादसे में पटमदा थाना क्षेत्र के चुड़दा गांव निवासी गणेश कर्मकार (24) की मौत हो गई। दुर्घटना में उनकी पत्नी रानी कर्मकार (20), ओडिशा निवासी जीत बिंदानी (16) और जमशेदपुर निवासी राहुल सिंह (18) घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने सभी घायलों को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने गणेश को मृत घोषित कर दिया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार, गणेश अपनी पत्नी और छोटी बेटी के साथ जमशेदपुर से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान आगे चल रहे पिकअप वैन को ओवरटेक करने के क्रम में उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गणेश के सिर में गंभीर चोट लगी। हादसे में उनकी छोटी बेटी सुरक्षित रही और उसे कोई चोट नहीं आई। बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार के अनुसार, अन्य घायलों का एमजीएम अस्पताल में इलाज चल रहा है।
इधर, शनिवार सुबह करीब साढ़े दस बजे हलुदबनी पुलिस कैंप के पास तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से दो बाइकों पर सवार तीन लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इनमें दो की हालत गंभीर है। सूचना मिलने पर बोड़ाम थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घायलों को एमजीएम अस्पताल भेजा। थाना प्रभारी नीरज कुमार ने दुर्घटना की पुष्टि की है।


