ब्यूरो
पाकुड़। जेएसएससी-सीजीएल नियुक्ति में कथित घोटाले की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने और छात्र आंदोलन के दौरान छात्रों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग को लेकर बुधवार को भाजपा ने पाकुड़ समाहरणालय का घेराव किया। विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र और भाजपा कार्यकर्ता आक्रोश रैली में शामिल हुए।आक्रोश रैली जिला मुख्यालय स्थित लड्डू बाबू आम बागान से शुरू हुई। कार्यकर्ताओं का जुलूस विभिन्न मार्गों से होते हुए समाहरणालय पहुंचा। यहां मुख्य द्वार के समीप कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि हेमंत सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है और छात्रों के हितों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में युवाओं के लिए उपलब्ध रोजगार के अवसरों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।मरांडी ने झारखंड कर्मचारी चयन आयोग और झारखंड लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं में कथितअनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि हजारों छात्र शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे थे, लेकिन सरकार ने उनके खिलाफ बल प्रयोग किया और मुकदमे दर्ज किए। उन्होंने छात्रों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने तथा परीक्षा में हुई कथित धांधली की सीबीआई जांच कराने की मांग की।उन्होंने राज्य सरकार पर गिट्टी, बालू और खनिज पदार्थों की अवैध बिक्री तथा भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप भी लगाया।उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान यदि लाठी खानी पड़े या जेल जाना पड़े, तो भाजपा कार्यकर्ता इसके लिए भी तैयार हैं।वहीं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं लिट्टीपाड़ा के पूर्व विधायक दिनेश मरांडी ने राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने क्षेत्र में गिट्टी, बालू और कोयले के कथित अवैध कारोबार का आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता से जुड़े लोगों और भ्रष्ट तंत्र के संरक्षण में अवैध गतिविधियां चल रही हैं। दिनेश मरांडी ने केकेएम कॉलेज की घटना का जिक्र करते हुए छात्रों पर कार्रवाई को लेकर भी प्रशासन को घेरा। उन्होंने कहा कि आम लोगों, छात्रों और भाजपा कार्यकर्ताओं को बेवजह परेशान करना बंद किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा की सरकार बनने पर कानून का उल्लंघन करने वाले अधिकारियों और सत्ता के कथित दलालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रदेश मंत्री कृष्णा महतो, जिला अध्यक्ष सरिता मुर्मू, जिला प्रभारी निवास मंडल, मीरा प्रवीण सिंह, दुर्गा मरांडी और मिस्फिका हसन समेत अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। प्रदर्शन के अंत में भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। मौके पर जिला महामंत्री रूपेश भगत, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष चंपा शाह, जिला परिषद सदस्य पिंकी मंडल, रतन भगत समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।


