गोड्डा । देश की शिक्षा व्यवस्था, NEET-UG 2026 परीक्षा में कथित अनियमितताओं तथा छात्रों के आंदोलन पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को गोड्डा के कारगिल चौक पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष प्रेमनंदन मंडल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता पार्टी का झंडा लेकर प्रदर्शन में शामिल हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए झामुमो नेताओं ने कहा कि देशभर में छात्र-छात्राएं शिक्षा व्यवस्था में सुधार, परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। नेताओं ने आरोप लगाया कि दिल्ली के जंतर-मंतर सहित विभिन्न स्थानों पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने लाठीचार्ज, अश्रुगैस और वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।
जिला अध्यक्ष प्रेमनंदन मंडल ने कहा कि NEET-UG 2026 परीक्षा में कथित अनियमितताओं से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उनकी आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करनी चाहिए तथा छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान झामुमो कार्यकर्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार, निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा प्रणाली लागू करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग दोहराई। नेताओं ने कहा कि यदि छात्रों की मांगों की लगातार अनदेखी की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


