लखनऊ। टीम इंडिया के हरफनमौला बल्लेबाज रिंकू सिंह और उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के मछलीशहर संसदीय सीट से समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज के विवाह की तारीख आगामी चार दिसंबर तय हो गई है। जानकारी के मुताबिक राजधानी लखनऊ के रमाडा होटल में रिंकू सिंह और प्रिया सरोज शादी के सात फेरे लेंगे। शादी को लेकर दोनों परिवारों में तैयारियां शुरू हो गई हैं।
मछली शहर के पूर्व सांसद एवं वर्तमान में जौनपुर जिले के केराकत विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के विधायक और सांसद प्रिया सरोज के पिता तूफानी सरोज ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों की सगाई लखनऊ के सेंट्रम होटल में हुई थी। सगाई समारोह में दोनों परिवारों के सदस्यों के साथ करीबी रिश्तेदार और अन्य खास लोग शामिल हुए थे। सगाई के बाद से ही दोनों की शादी की तारीख को लेकर चर्चाएं चल रही थीं। अब चार दिसंबर की तारीख तय होने के बाद विवाह समारोह को लेकर स्थिति स्पष्ट हो गई है। उन्होंने बताया कि रमाडा होटल में होने वाले विवाह समारोह में दोनों परिवारों के सदस्य, रिश्तेदार और करीबी लोग शामिल होंगे। शादी को यादगार बनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
गौरतलब है कि रिंकू सिंह भारतीय क्रिकेट के चर्चित खिलाड़ियों में शामिल हैं, जबकि प्रिया सरोज उत्तर प्रदेश के मछलीशहर से समाजवादी पार्टी की सांसद हैं, दोनों की सगाई के बाद से ही उनके प्रशंसकों और समर्थकों में विवाह को लेकर उत्सुकता बनी हुई थी। विदित हो कि रिंकू सिंह यूपी के अलीगढ़ के रहने वाले हैं और वे भारतीय क्रिकेट टीम के एक बेहतरीन टी20 खिलाड़ी बन चुके हैं। वहीं प्रिया सरोज समाजवादी पार्टी की एक युवा सांसद हैं, जिनकी यूपी की राजनीति में अच्छी पहचान है। प्रिया सरोज साल 2024 में उत्तर प्रदेश की मछलीशहर लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ीं और जीत हासिल कर संसद पहुंचीं। चार दिसंबर को होने वाली इस शादी में दोनों के रिश्तेदारों और दोस्तों के अलावा क्रिकेट और राजनीति जगत की कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


