◆सांसद नलिन सोरेन की अध्यक्षता में हुई बैठक में सर्वसम्मति से शिक्षाविद सदस्य चुनी गईं
◆दुमका विधायक के रूप में पहले रह चुकी हैं ए.एन. कॉलेज जीबी की अध्यक्ष
विशेष संवाददाता
दुमका। एएन कॉलेज दुमका के शासी निकाय (जीबी) में जामा विधायक डॉ. लुईस मरांडी की एंट्री हुई है। सांसद नलिन सोरेन की अध्यक्षता में पिछले दिनों हुई शासी निकाय की बैठक में डॉ. लुईस मरांडी को सर्वसम्मति से शिक्षाविद सदस्य चुना गया। नई जीबी में उनके चयन को कॉलेज की गतिविधियों और शासी निकाय के स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।शासी निकाय की पिछली कमेटी में डॉ. अंजुला मुर्मू शिक्षाविद सदस्य थीं। नई कमेटी में उनके स्थान पर डॉ. लुईस मरांडी के चयन के बाद कॉलेज के शिक्षकों में हर्ष है।
बैठक में दुमका एसडीओ कौशल कुमार, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि डॉ. संतोष कुमार सिंह, शिक्षक प्रतिनिधि प्रो. सुलेमान हांसदा और प्रभारी प्राचार्य डॉ. संजय कुमार सिंह मौजूद थे।
डॉ. लुईस मरांडी का एएन कॉलेज से पुराना जुड़ाव रहा है। वह पूर्व में दुमका विधायक रहते हुए कॉलेज के शासी निकाय की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। उनके अध्यक्षीय कार्यकाल के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष रहे दिनेश दत्ता को एएन कॉलेज जीबी में शिक्षाविद सदस्य चुना गया था। दिनेश दत्ता बाद में शासी निकाय के सचिव भी रहे।
डॉ. लुईस मरांडी के दोबारा शासी निकाय से जुड़ने को कॉलेज के लिहाज से अहम माना जा रहा है। उनके पूर्व अनुभव के कारण कॉलेज के प्रशासनिक और शैक्षणिक मामलों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी,जिस पर कॉलेज शिक्षकों और शहर के अन्य बुद्धिजीवियों की नजर टिकी हुई है।


