शनिवार को काला दिवस के रूप में जिला कांग्रेस कमिटी ने किया विरोध-प्रदर्शन,निकाला विरोध मार्च
संताल एक्सप्रेस संवाददाता
साहिबगंज – अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी एवं झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के निर्देशानुसार शनिवार को काला दिवस के रूप में जिला कांग्रेस कमिटी साहिबगंज द्वारा व्यापक विरोध-प्रदर्शन एवं मार्च का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमिटी साहिबगंज के जिला अध्यक्ष बरकतुल्लाह खान ने किया.मार्च जिला कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर गांधी चौक, चौक बाजार, स्टेशन चौक, एलसी रोड, सब्जी मंडी, ग्रीन होटल, कॉलेज रोड होते हुए पूर्वी रेलवे फाटक के पास स्थित शहीद-ए-आजम भगत सिंह की प्रतिमा स्थल तक पहुंचा.इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता बांह में काला पट्टा बांधकर एवं काला गमछा धारण कर विरोध-प्रदर्शन करते हुए लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा को लेकर जोरदार नारेबाजी कर रहे थे. कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया.
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष बरकतुल्लाह खान ने कहा कि आज का काला दिवस लोकतंत्र और देश के करोड़ों मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा की लड़ाई है. चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर जनता और विपक्ष के मन में गंभीर सवाल खड़े हुए हैं.ऐसे में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए. चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की निष्पक्षता पर किसी भी तरह का सवाल लोकतंत्र के लिए गंभीर विषय है.उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी. जनता के वोट के अधिकार के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा.
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष बरकतुल्लाह खान,बरहरवा के बीस सूत्री अध्यक्ष अशोक दास,अनुकूल चन्द्र मिश्रा, बासुकीनाथ यादव, मोहम्मद कलीमुद्दीन, सरफराज आलम,मो. सलाहउद्दीन, यमुना दास, दिलीप गुप्ता, मंगल पासवान, रिजवान अंसारी, सहित जिला कांग्रेस कमिटी के पदाधिकारी, नगर एवं प्रखंड कांग्रेस कमिटी के पदाधिकारी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता तथा विभिन्न मंच-मोर्चा एवं विभागों के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे.


