●एक पत्थर कारोबारी ने शहरपुर के खदान में मजदूरी भुगतान के लिए रामपुरहाट से भेजे थे नगद रुपए
●चुनाव आयोग के निर्देश पर बनी एफसी टीम जांच में जुटी
● 50 हजार या इससे अधिक रुपये नगद पकड़ाने पर स्रोत का दस्तावेज दिखाना है जरूरी
संवाददाता

दुमका।शिकारीपाड़ा के लोढ़ीपहाड़ी में झारखंड -बंगाल सीमा पर स्थित चेक पोस्ट पर वाहन चेकिंग के दौरान एक बाइक की डिक्की से 1.80 लाख रुपये नगद जब्त किया गया।यह कार्रवाई चेक पोस्ट पर तैनात मजिस्ट्रेट द्वारा की गई।शिकारीपाड़ा के अंचलाधिकारी कपिलदेव ठाकुर ने यह जानकारी देते हुए बताया कि बाइक प.बंगाल के रामपुरहाट से आ रही थी।बाइक के चालक इदुल शेख ने प्रशासनिक टीम को बताया कि नगद राशि शहरपुर के एक पत्थर खदान में मजदूरी भुगतान के लिए लायी जा रही थी। अंचलाधिकारी ने बताया कि पूरे मामले की जांच विधान सभा चुनाव को लेकर गठित फ्लाइंग स्क्वायड (एफसी) की टीम द्वारा की जा रही है। बता दें कि विधानसभा चुनाव में धनबल के इस्तेमाल को रोकने के लिए आदर्श चुनाव आचार संहिता के प्रावधानों के तहत नकदी जब्त करने की कार्रवाई पूरे राज्य में की जा रही है।मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने दो दिन पहले ही रांची में बताया था कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में तीन-तीन पदाधिकारियों की टीम विभिन्न विभागों के को-ऑर्डिनेशन से काम कर रही है।सीमावर्ती क्षेत्रों खासकर बॉर्डर पर जांच टीम के द्वारा सघन तलाशी की जा रही है।आदर्श चुनाव आचार संहिता के तहत 50 हजार रुपये या इससे अधिक नकदी लेकर चल रहे हैं तो आपको यह बताना होगा कि यह राशि कहां से मिली है।नगद राशि के स्रोत की जानकारी देनी होगी।संतोषजनक जानकारी नहीं देने और इससे जुड़े दस्तावेज नहीं दिखाने पर टीम आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों के तहत नकदी जब्त की जाती है।





