संताल एक्सप्रेस ने शिक्षकों को किया सम्मानित
देवघर। शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार, को देवघर के एक होटल में संताल एक्सप्रेस की ओर से शिक्षक दिवस सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में देवघर विधायक सुरेश पासवान और विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला शिक्षा अधीक्षक मधुकर कुमार मौजूद रहे। देवघर कॉलेज के अवकाश प्राप्त प्रोफेसर रामानंदन सिंह समेत कई शिक्षक भी समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत गीत से हुई। इसके बाद अतिथियों और शिक्षकों ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए और उन्हें नमन किया। इसके बाद शिक्षकों को पुष्पगुच्छ, शॉल, माला और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
गुरु के सम्मान के बिना ज्ञान की परंपरा अधूरी
मुख्य अतिथि विधायक सुरेश पासवान ने संताल एक्सप्रेस की ओर से आयोजित सम्मान समारोह की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव हैं। गुरु के बिना ज्ञान की प्राप्ति संभव नहीं है। शिक्षक के मार्गदर्शन से ही विद्यार्थी आगे बढ़कर डॉक्टर, इंजीनियर, आईएएस, आईपीएस से लेकर मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री तक के पदों पर पहुंचते हैं। इसलिए हर व्यक्ति को अपने गुरु का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने शिक्षक दिवस के अवसर पर सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि शिक्षकों के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन के लिए संताल एक्सप्रेस की टीम को बधाई दी।
शिक्षकों की जिम्मेदारी समाज में एकता की भावना मजबूत करना
जिला शिक्षा अधीक्षक मधुकर कुमार ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को पढ़ाने का काम नहीं करते, बल्कि उनमें राष्ट्र और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करते हैं। शिक्षकों की जिम्मेदारी है कि वे विद्यार्थियों में राष्ट्रीय भावना जगाएं और समाज में मौजूद हर तरह के भेदभाव को दूर करने की दिशा में काम करें। उन्होंने संताल एक्सप्रेस की टीम को शिक्षक सम्मान समारोह के आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
शिक्षक समाज को दिशा देने का काम करते हैं
देवघर कॉलेज के अवकाश प्राप्त प्रोफेसर रामानंदन सिंह ने कहा कि शिक्षक का काम केवल पाठ्यक्रम पूरा कराना नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व और चरित्र का निर्माण करना भी है।
इन शिक्षकों को किया गया सम्मानित
समारोह में डॉक्टर विजय शंकर, डॉ. परशुराम तिवारी, डॉ. मुकेश कुमार, श्रीकांत जायसवाल, मनोरमा झा, शोभा कुमारी, धीरेंद्र भारती, अमित कृष्णन, हिमांशु देव, जितेंद्र कुमार चंद्रा, काजल क्रांति सिकदार, मनीषा घोष, दिलीप कुमार राय और सुमन कुमार समेत अन्य शिक्षकों को सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान वक्ताओं ने शिक्षा और समाज निर्माण में शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। शिक्षकों के योगदान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा गया कि समाज और राष्ट्र की प्रगति में शिक्षकों की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रहेगी।


